जमशेदपुर में आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग, ससुर-साले ने दामाद पर बरसाई गोलियां; इलाके में सनसनी
जमशेदपुर में आधी रात को ससुर और साले ने अपने दामाद पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। जल्द ही सभी नामजद व अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह गाड़ीवान पट्टी स्थित गफ्फार बस्ती में शुक्रवार देर रात दामाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई।
हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कीताडीह निवासी जावेद खान ने इस मामले में अपनी पत्नी हीना खातून, साला मो. रियाशद, ससुर मो. लियाकत समेत पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट और फायरिंग करने की प्राथमिकी परसुडीह थाना में दर्ज कराई है।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा किया है। जावेद खान ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से बेंगलुरु में कार्यरत था और करीब एक माह पहले ही कीताडीह लौटा है। घर वापस आने के बाद उसने पाया कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से लगातार फोन पर बातचीत करती है।
जब उसने इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद बढ़ गया। आरोप लगाया कि शुक्रवार रात इसी बात को लेकर पत्नी और उसके परिजनों ने पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद साले, ससुर और उनके साथ आए अज्ञात युवकों ने उस पर तीन राउंड गोलियां चलाईं।
संयोगवश कोई भी गोली उसे नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर ली गई है। वे कीताडीह और आसपास के इलाकों के निवासी हैं। पुलिस की विशेष टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। जल्द ही सभी नामजद व अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।