Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    वांटेड रिंकू सेठ जयपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ा

    Updated: Sun, 19 Oct 2025 08:11 PM (IST)

    जमशेदपुर पुलिस ने वांटेड अपराधी रिंकू सेठ को जयपुर से गिरफ्तार किया है। रिंकू सेठ पर हत्या, फायरिंग और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर आरोप हैं। वह अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़ा था और दुमका में अमरनाथ सिंह की हत्या के बाद से फरार था। फरारी के दौरान वह पार्किंग का व्यवसाय कर रहा था। पुलिस अब उससे अन्य मामलों में पूछताछ करेगी।

    Hero Image

    जमशेदपुर का वांटेड अपराधी रिंकू सेठ की फाइल तस्वीर।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर के कुख्यात और वांटेड अपराधी रिंकू सेठ उर्फ सौरव शर्मा को पुलिस ने जयपुर के शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लंबे समय से फरार चल रहा यह अपराधी अब पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिंकू सेठ मूल रूप से जयपुर के शाहपुर का निवासी है, लेकिन वह कई वर्षों से जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के ओलिडीह में रह रहा था। उस पर हत्या, फायरिंग, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

    सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में टकलू लोहार और मानगो में राजा सिंह की हत्या के मामलों में वह मुख्य आरोपी है। इसके अलावा, उसके खिलाफ कई बार फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले भी दर्ज हैं।

    अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़ा था रिंकू सेठ 

    पुलिस जांच में सामने आया है कि रिंकू सेठ की आपराधिक शुरुआत चैन छिनतई जैसी घटनाओं से हुई थी। धीरे-धीरे वह कुख्यात अपराधी अमरनाथ सिंह के गिरोह से जुड़ गया। वर्ष 2023 के जुलाई माह में दुमका में अमरनाथ सिंह की हत्या के बाद से वह पूरी तरह भूमिगत हो गया था। फरारी के दौरान उस पर विरोधी गुटों ने जानलेवा हमला भी किया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था।

    फरारी के दौरान चला रहा था पार्किंग व्यवसाय 

    पुलिस सूत्रों की मानें तो फरारी के बाद रिंकू सेठ राजस्थान के खाटू श्याम बाबा मंदिर के पास रहकर पार्किंग का काम कर रहा था। वहीं से वह अपने पुराने नेटवर्क से संपर्क बनाए हुए था। कुछ दिनों पहले उसके जमशेदपुर आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कड़ी नजर रखी।

    कुर्की कार्रवाई के बाद दबोचा गया कुख्यात बदमाश 

    लंबे समय तक फरार रहने के कारण पुलिस ने उसके ओलिडीह स्थित आवास की कुर्की भी की थी। आखिरकार गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर ला रही है। यहां उससे अन्य मामलों में पूछताछ की जाएगी।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिंकू सेठ की गिरफ्तारी से शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। जमशेदपुर पुलिस अब रिंकू सेठ के सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में अपराधियों पर शिकंजा और कसा जाएगा।