हथियारों की चाह में सलाखों के पीछे: जमशेदपुर के दो अपराधी मुंगेर से गिरफ्तार
जमशेदपुर के दो वांछित अपराधी, जो हथियारों की तलाश में बिहार के मुंगेर गए थे, गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इन अपराधियों पर हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे कई गंभीर आरोप हैं। पुलिस का मानना है कि वे मुंगेर से हथियार खरीदकर जमशेदपुर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

हथियार खरीदने मुंगेर पहुंचे जमशेदपुर के अपराधी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के दो वांछित अपराधियों को बिहार के मुंगेर जिले की कासिमबाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान ओलिडीह थाना क्षेत्र निवासी आकाश नामता और मानगो निवासी राजा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अवैध हथियारों की खरीदारी के इरादे से मुंगेर पहुंचे थे।
सूत्रों के मुताबिक, आकाश नामता मूल रूप से मुंगेर जिले के मोहनपुर का निवासी है, लेकिन वर्तमान में वह जमशेदपुर के ओलिडीह क्षेत्र में सक्रिय है।
आकाश पर जमशेदपुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गुड्डू पांडेय के घर पर फायरिंग का मामला प्रमुख है। इस घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
इसी तरह, राजा सिंह का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह मानगो क्षेत्र में कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी मुंगेर में अपने दो स्थानीय साथियों के साथ अवैध हथियार खरीदने पहुंचे थे।
कासिमबाजार थाना पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को धर-दबोचा गया। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार कहां और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किए जाने थे। जल्द ही आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।