Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    दीवाली में हाई अलर्ट: रांची के रिम्स और सदर अस्पताल आपात स्थितियों के लिए तैयार, बर्न वार्ड में विशेष इंतजाम

    Updated: Mon, 20 Oct 2025 05:38 AM (IST)

    दीपावली के मद्देनज़र रांची के रिम्स और सदर अस्पताल हाई अलर्ट पर हैं। आग लगने की घटनाओं को देखते हुए बर्न वार्ड में विशेष इंतजाम किए गए हैं। डॉक्टरों और नर्सों की अतिरिक्त तैनाती की गई है, बेडों की संख्या बढ़ाई गई है और दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

    Hero Image

     दीपावली पर रिम्स और सदर अस्पताल अलर्ट पर। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, रांची। दीपावली में रिम्स और सदर अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पटाखों से झुलसने और आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी तय की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सदर अस्पताल में 10 बेड रिजर्व किए गए हैं, जबकि रिम्स के बर्न वार्ड में बेड रिजर्व रखे गए हैं। पिछले वर्ष दीपावली के दौरान पटाखों और आगजनी की घटनाओं में दोनों अस्पतालों में करीब 150 लोग जलने के मामले लेकर पहुंचे थे।

    सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि दीपावली के दिन सदर इमरजेंसी में ड्यूटी 24 घंटे रहेगी, इसमें इमरजेंसी दवाओं के साथ-साथ डाक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। विकट स्थिति से भी निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

    रिम्स बर्न यूनिट हाई अलर्ट पर

    रिम्स के बर्न वार्ड में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। डाक्टरों और नर्सों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। सर्जरी विभाग के एचओडी डा. डीके सिन्हा ने पूरी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा किया है और दीपावली की रात सभी डाक्टरों को एलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है।

    साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ को भी आपात स्थिति में तत्काल सेवा देने के आदेश दिए गए हैं। रिम्स में पर्याप्त संख्या में बेड, दवाइयां और आक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था पहले ही कर ली गई है।

    इसके अलावा सदर अस्पताल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। 12 डाक्टरों की 24 घंटे की विशेष इमरजेंसी ड्यूटी लगाई गई है। बर्न केस और पटाखा हादसे के मरीजों के लिए अलग मेडिकल टीम गठित की गई है।

    सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें

    स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि दीपावली के दौरान सावधानी बरतें। बच्चों को पटाखे चलाने से रोकें, खुले स्थान पर ही आतिशबाजी करें और जली हुई सामग्री के पास न जाएं। अगर कोई हादसा हो जाए तो घायल को तुरंत पानी से धोएं, कपड़े न उतारें और नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।

    हेल्पलाइन नंबर

    • एंबुलेंस - 108
    • चिकित्सीय परामर्श - 104
    • रिम्स - 9334298521
    • सदर अस्पताल - 9431177730