CGL परीक्षा पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कह दी बड़ी बात, सरकार के एक साल पूरे होने पर बांटे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने CGL परीक्षा पर महत्वपूर्ण बयान दिया और सरकार की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार सृजन की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि CGL परीक्षा इसी दिशा में एक कदम है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के कल्याण के लिए भी काम कर रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए
राज्य ब्यूरो, रांची । अपनी सरकार की पहली वर्षगांठ पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने सीजीएल परीक्षा की भी चर्चा की। कहा कि इसे गलत साबित करने की कोशिश करने वाले आज जेल जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इसमें भी उनकी जीत होगी और वे इसी मैदान में नियुक्ति पत्र बांटेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के हर वर्ग और तबके के लिए उनकी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। आदिवासी, दलित, पिछड़ा, महिला नौजवान, दिव्यांग... हर किसी को सरकार सौगात दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे पढ़ा -लिखा व्यक्ति हो या कम पढ़ा- लिखा अथवा अनपढ़, सबको आगे ले जाने का काम सरकार कर रही है।
सभी को उनकी योग्यता और क्षमता के रोजगार देने का प्रयास हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने लड़कर इस राज्य को लिया है। ऐसे में इस राज्य के पदाधिकारी, किसान, नौजवान, महिला शिक्षक... हर किसी की कंधों पर अहम जिम्मेदारी है कि वे इस राज्य को सजाने- संवारने में अपनी भूमिका निभाएं।
सभी के सामूहिक एवं सार्थक प्रयासों से झारखंड सशक्त औऱ मजबूत राज्य बन सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का चौतरफा असर देखने को मिल रहा है।
इस नियुक्ति से 50 हजार लोगों की बढ़ेगी आय : राधा कृष्ण किशोर
राज्य स्तरीय समारेाह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि नौ हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलने से 50 हजार लोगों (परिवार के सदस्यों) की प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे न केवल आधी आबादी बल्कि एक से डेढ़ करोड़ लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है।
50 लाख महिलाओं को इस योजना से जोड़कर उन्हें प्रतिवर्ष 15,300 करोड़ दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को भरने का काम पहली सरकार को ही करना था, लेकिन नहीं किया। वर्ष 2000 में 3.49 लाख पद स्वीकृत थे, जिनमें 1.88 लाख पद ही भरे थे।

तत्कालीन सरकार ने रिक्त पदों को भरने का प्रयास ही नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार एक साथ इतने बड़े पैमाने पर नियुक्ति पत्र वितरित हो रहे हैं। आनेवाले चार वर्षों में अधिक से अधिक रिक्त पदों को भरने का प्रयास राज्य सरकार का होगा।
एम्स-2 की स्थापना का प्रस्ताव
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिल्ली की तर्ज पर एम्स-2 की स्थापना का प्रस्ताव तैयार कर रही है। बैंकर्स को निर्देश दिए गए हैं कि सूक्ष्म एवं लघु उद्योग के लिए युवाओं को सुलभता से ऋण उपलब्ध कराए। वित्त मंत्री ने कहा कि सभी विभाग बेहतर काम कर रहे हैं।
नए झारखंड का सपना हो रहा साकार : संजय प्रसाद यादव
श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार के सभी विभागों में नियुक्तियां हो रही हैं। पुरानी व्यवस्था को खत्म कर नए झारखंड बनने का सपना साकार हो रहा है। राज्य में खुशहाली का माहौल है।
वर्षों तक जो अधिकार से वंचित रहे, उनके पास उनके अधिकार पहुंच रहे हैं। उन्होंने अगले तीन माह में बड़े पैमाने पर बहाली होने की भी बात कही।
जनता तक योजनाएं व सेवाएं पहुंचाने के लिए भरे जा रहे पद : मुख्य सचिव
राज्य स्तरीय समारोह में अपने स्वागत भाषण में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि जनता तक योजनाएं एवं सेवाएं पहुंचाने के लिए नियुक्तियां हो रही हैं। उनके अनुसार, सभी विभागों को अपने रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए गए हैं।
नवनियुक्त पदाधिकारी और शिक्षक सशक्त झारखंड के निर्माण में अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि नई नीतियां बनाई जा रही हैं तथा पुरानी नीतियों में संशोधन किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए मंइयां सम्मान योजना सहित कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इन अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
इस अवसर पर झारखंड लोक सेवा आयोग की 11वीं से 13 वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा से अनुसंशित 197 उप समाहर्ता, 35 पुलिस उपाधीक्षक, 55 राज्य कर पदाधिकारी, दो काराधीक्षक, आठ झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी -2 के पदाधिकारी, एक जिला समादेष्टा, आठ सहायक निबंधक, 14 श्रम अधीक्षक, छह प्रोबेशन पदाधिकारी और तीन उत्पाद निरीक्षक को नियुक्ति पत्र दिया गया। इनके अलावा जेपीएससी से ही चयनित 22 दंत चिकित्सकों, जेएसएससी से चयनित 150 कीटपालकों और 8,291 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिया गया।
इनकी भी रही उपस्थिति
मंत्री दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, हफीजुल हसन, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सदस्य महुआ
माजी, विधायक ममता देवी, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन आदि।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।