‘हेमंत सरकार को बदनाम करने की नाकाम कोशिश’, JMM महासचिव बोले- रिम्स-2 का विरोध विकास विरोधी रवैया
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा पर हेमंत सोरेन सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा तथ्यों के बिना सरकार को बदनाम कर रही है। सूर्या हांसदा के एनकाउंटर को भाजपा आदिवासी समाज से जोड़कर गुमराह कर रही है। रिम्स-2 के विरोध को भी पांडेय ने विकास विरोधी बताया और भाजपा से घोटालों का हिसाब मांगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यव्यापी प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना तथ्यों के हेमंत सोरेन सरकार को बदनाम करने की नाकाम कोशिश कर रही है, जिससे जनता का समय बर्बाद हो रहा है। सूर्या हांसदा का एनकाउंटर आपराधिक रिकार्ड के कारण हुआ, जिसका ब्योरा सार्वजनिक है। भाजपा इसे आदिवासी समाज से जोड़कर गुमराह कर रही है। सरकार ने मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित की, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक हथियार बना रही है।
पांडेय ने भाजपा की सत्ता लालसा को उजागर करते हुए कहा कि इसके नेता आपसी मतभेदों और द्वेष में डूबे हैं, जिसका नमूना उनके प्रदर्शनों में दिखता है। भाजपा को अपना घर संभालना चाहिए। इनकी आपसी लड़ाई जगजाहिर है।
उन्होंने कहा कि 2019 में जनता ने रघुवर दास की सरकार को खारिज किया और 2024 में प्रचंड बहुमत से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन को चुना। भाजपा की साजिशें जनता समझ चुकी है और हेमंत सोरेन राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त आदिवासी नेता बनकर उभरे हैं। भाजपा की केंद्रीय एजेंसियों पर निर्भरता उनकी पुरानी रणनीति है, जो गैर भाजपा सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश करती है।
रिम्स-2 का विरोध विकास विरोधी रवैया
विनोद पांडेय ने नगड़ी में रिम्स-2 के लिए जमीन अधिग्रहण के मुद्दे पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करेगी। रैयतों को उचित मुआवजा व वैकल्पिक व्यवस्था दी जा रही है। भाजपा इसे तोड़-मरोड़कर विकास रोकने की साजिश रच रही है। उन्होंने भाजपा से अपने शासनकाल के घोटालों का हिसाब देने को कहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।