'भाजपा दिल्ली के इशारे पर नाचना छोड़े', JMM महासचिव विनोद पांडेय ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
झामुमो नेता विनोद पांडेय ने भाजपा पर समानांतर सरकार चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सूर्या हांसदा प्रकरण को आदिवासी समाज का अपमान बताया और भाजपा पर अवैध खनन में शामिल होने का आरोप लगाया। पांडेय ने भाजपा से हेमंत सरकार को अस्थिर करने के षड्यंत्र को त्यागने की मांग की और कहा कि भाजपा के पास न जनादेश है न ठोस मुद्दा।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव व प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सत्ता से बेदखल भाजपा समानांतर सरकार चलाने के भ्रम में है। भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करना ही भाजपा का एजेंडा है।
उन्होंने सूर्या हांसदा प्रकरण में भाजपा की राजनीति को आदिवासी समाज का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने सूर्या के आपराधिक रिकॉर्ड को सार्वजनिक किया है।
भाजपा उसे सामाजिक कार्यकर्ता बताकर जनता को भटकाने की कोशिश कर रही है। पांडेय ने पूछा कि क्या सूर्या से जुड़े अवैध खनन और तस्करी में भाजपा के चेहरे शामिल नहीं हैं?
उन्होंने भाजपा से दिल्ली के इशारों पर नाचना बंद कर हेमंत सरकार को अस्थिर करने के षड्यंत्र को त्यागने की मांग की। नगड़ी भूमि विवाद पर विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार रैयतों के अधिकारों की रक्षा और विकास को संतुलित कर रही है।
भाजपा के पास ना जनादेश, ना ठोस मुद्दा
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के पास न जनादेश है, न ठोस मुद्दा। वह सीबीआई या भूमि विवाद जैसे बहानों से जनता को गुमराह कर रही है। यदि मरांडी आदिवासी हितैषी हैं तो केंद्र से झारखंड के बकाया खनिज राजस्व, विशेष पैकेज और एमएसपी गारंटी की मांग करें।
उन्होंने भाजपा से एसटी, ओबीसी और एससी आरक्षण के लिए हेमंत सरकार की पहल को केंद्र व राज्यपाल से लागू कराने की मांग की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।