Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    झारखंड ACB की बड़ी कार्रवाई, सिटी DSP का रीडर 25000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

    Updated: Thu, 16 Oct 2025 03:09 PM (IST)

    रांची एसीबी ने सिटी डीएसपी के रीडर सिपाही सुनील पासवान को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता मिथुन कुमार ने बताया कि सुनील ने उनके भाई को दहेज प्रताड़ना के केस में बचाने के लिए रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने शिकायत की जाँच के बाद सुनील को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई जारी है।

    Hero Image

    राज्य ब्यूरो, रांची। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने गुरुवार को रांची सिटी के वरीय डीएसपी के रीडर सिपाही सुनील पासवान को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र के लखना गांव का रहने वाला है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शिकायतकर्ता रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के पोटमदगा गांव निवास मिथुन कुमार हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची में लिखित आवेदन देकर बताया था कि सिटी डीएसपी रांची रीडर सुनील पासवान ने उनके बड़े भाई वनरक्षी जितेन्द्र कुमार को दहेज प्रताड़ना के केस में बचाने, केस हल्का करने के एवज में 40 हज़ार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

    वनरक्षी जितेंद्र कुमार के विरूद्ध चुटिया थाना में पांच मई 2025 को कांड संख्या 103/25 में दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।

    पीड़ित ने रिश्वत की राशि कम कराया तो मामला 25 हज़ार पर तय हुआ। इसके बाद पीड़ित ने इसकी सूचना एसीबी को दी।

    सूचना के विधिवत सत्यापन के बाद रीडर सिपाही सुनील पासवान पर लगाये गये आरोपों को एसीबी ने सत्य पाया। पीड़ित के आवेदन और एसीबी के सत्यापन के आधार पर 15 अक्टूबर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची थाना में कांड संख्या-19/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

    इसके बाद आरोपित रीडर सुनील कुमार पासवान को एसीबी ने 16 अक्टूबर को 25 हज़ार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अब आगे की कार्रवाई जारी है।