Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    साहिबगंज में बन रहा झारखंड का सबसे छोटा राष्ट्रीय राजमार्ग, लंबाई जानकर माथा पकड़ लेंगे आप

    Updated: Wed, 10 Sep 2025 12:03 AM (IST)

    साहिबगंज में झारखंड का सबसे छोटा NH-133B बन रहा है जिसकी लंबाई 15 किलोमीटर है। यह NH-33 और 131A को जोड़ेगा जिसका 10 किलोमीटर हिस्सा झारखंड में और 5 किलोमीटर बिहार में होगा। गंगा नदी पर पुल बनने से साहिबगंज दुमका गोड्डा देवघर के लोगों को पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचने में आसानी होगी। मिर्जाचौकी-फरक्का फोरलेन का काम भी चल रहा है जिसके 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

    Hero Image
    बड़े काम का होगा झारखंड का सबसे छोटा राष्ट्रीय राजमार्ग। फाइल फोटो

    डॉ. प्रणेश, साहिबगंज। साहिबगंज में झारखंड का सबसे छोटा एनएच बन रहा है, जिसकी लंबाई मात्र 15 किलोमीटर है। यह एनएच 133 बी के नाम से जाना जाएगा। यह एनएच 33 व 131 ए को जोड़ेगा।

    इसका 10 किलोमीटर हिस्सा झारखंड में तो पांच किलोमीटर हिस्सा बिहार में होगा। इसके निर्माण का काम जोरशोर से चल रहा है। यानी गंगा पुल 133 बी के नाम से जाना जाएगा।

    इसके साथ ही जिले के शोभनपुर गंगा प्रसाद मौजा में एनएच 33 व एनएच 133 बी का मिलन होगा। गौरतलब हो कि एनएच 80 का नाम बदल कर एनएच 33 कर दिया गया है।यह बिहार के अरवल से शुरू होता है तथा साहिबगंज होते हुए बंगाल के फरक्का तक जाता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसकी कुल लंबाई करीब 462.2 किलोमीटर है। उधर, एनएच 131 ए बिहार के पूर्णिया के शुरू होकर बंगाल के मालदा तक जाता है। इसकी कुल लंबाई 97 किलोमीटर है। एनएच 133 बी इसी एनएच 33 व एनएच एनएच 131 ए को जोड़ेगा।

    गंगा नदी पर पुल बन जाने के बाद साहिबगंज के अलावा दुमका, गोड्डा देवघर के लोगों का कटिहार होते हुए भी मालदा, सिलिगुड़ी पूर्वोत्तर के राज्यों में पहुंचना आसान होगा।

    जल्द शुरू होगा मिर्जाचौकी-फरक्का फोरलेन के फेज टू का काम

    मिर्जाचौकी-फरक्का फोरलेन का काम तीन चरणों में होना है। पहले फेज में तालझारी के बांसकोला से पतना के केलाबाड़ी तक सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

    दूसरे चरण में मिर्जाचौकी से गंगा पुल तक करीब 11 किलोमीटर तथा केलाबाड़ी से फरक्का तक करीब 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना है। 818.29 करोड़ की लागत से इसका टेंडर हुआ था।

    डीसीसी इंफ्रा प्रोजेक्ट नामक कंपनी को काम आवंटित किया गया है। दो साल में इसे पूरा करने का लक्ष्य है। यानी 2027 के अंत तक यह पूर्ण होगा।

    फेज तीन में अंबाडीहा से बांसकोला तक करीब 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा जिसमें डेढ़ किलोमीटर लंबा सुरंग भी होगा। इसका डीपीआर बनाने का काम चल रहा है। अगले वित्तीय वर्ष में इसका टेंडर होने की उम्मीद है।

    गंगा पुल एनएच 133 बी के नाम से जाना जाएगा। यह राष्ट्रीय उच्च पथ एनएच 33 व 131 ए को जोड़ेगा। एनएच 133 बी की लंबाई करीब 15 किलोमीटर होगी। साहिबगंज के शोभनपुर गंगा प्रसाद मौजा में एनएच 33 व एनएच 133 बी का मिलन होगा। -शरद कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ, साहिबगंज