Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    12 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, पांच युवकों ने इंसानियत को किया शर्मसार

    Updated: Sat, 25 Oct 2025 10:55 PM (IST)

    Hero Image
    संवाद सूत्र, जैंतगढ़। झारखंड से एक बार फिर इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बंदना पर्व के मौके पर झूमर नृत्य देखकर घर लौट रही 12 साल की बच्ची के साथ पांच युवकों ने मुंह काला किया। पीड़िता की हालत गंभीर है और उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के गुमुरिया गांव की है। शनिवार सुुबह करीब चार बजे 6वीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची अपने चचेरे भाई के साथ झूमर देखकर लौट रही थी। रास्ते में पांच युवकों ने उसके भाई को धमकाकर भगा दिया और बच्ची को जंगल की ओर खींच ले गए। वहां सभी ने मिलकर मासूम के साथ दरिंदगी की और फरार हो गए।

     बदहवास हालत में बच्ची घर पहुंची :
    अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वह किसी तरह बदहवास हालत में घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। सूचना मिलने पर गांव के मानकी दीपक लागुरी ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को खबर दी। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश हेंब्रम और एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों मुंडूई गांव का देशराज सरदार (28), छोटराय सरदार (30), मनोज सरदार (32) और कंदरकोड़ा गांव निवासी रवि सरदार (32) को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। आरोपितों में एक रवि सरदार की तीन पत्नियां है।
     
    आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज:
    सदर अस्पताल चाईबासा में भी उसकी स्थिति नाजुक देखते हुए जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मानकी दीपक लागुरी ने कहा कि सभी आरोपित अपराधी चरित्र के हैं। आये दिन चोरी समेत अन्य आपराधिक घटना में शामिल रहते हैं, लेकिन 12 साल की छोटी बच्ची के साथ जिस प्रकार जघन्य अपराध किया है, इसके लिए सभी को कठोर दण्ड दिया जाये।
     
    इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांचवें आरोपित की तलाश जारी है। इस घटना में संलिप्त सभी आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा। सभी के ऊपर पोक्सो एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
    - राफेल मुर्मू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें