फ्रांस में बर्ड फ्लू का हाई अलर्ट! इंसानों के लिए है कितना खतरनाक और कैसे होते हैं इसके लक्षण
फ्रांस में बर्ड फ्लू (Bird Flu) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यहां बर्ड फ्लू के दो आउटब्रेक होने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में सवाल आता है कि क्या बर्ड फ्लू से इंसानों को भी खतरा हो सकता है? इस इन्फेक्शन का रिस्क कितना होता है और इसके लक्षण कैसे होते हैं? आइए जानें इस बारे में।

इंसानों में कैसे दिखते हैं बर्ड फ्लू के लक्षण (Picture Courtesy: Freepik)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। प्रवासी पक्षियों और पोल्ट्री फार्म में पक्षियों में बर्ड फ्लू (Birf Flu in France) के मामले सामने आने के बाद फ्रांस में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बर्ड फ्लू, जिसे एवियन इन्फ्लूएंजा के नाम से भी जाना जाता है, एक वायरल इन्फेक्शन है जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है।
हालांकि, इसे लेकर एक सवाल अक्सर मन में आता है क्या यह इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है? अगर हां, तो इससे इंसानों को कितना खतरा है (Bird Flu Infection in Human)? आइए जानें इस बारे में।
क्या इंसानों को भी हो सकता है बर्ड फ्लू?
हां, बिल्कुल। जबकि ज्यादातर बर्ड फ्लू वायरस का ट्रांसमिशन पक्षियों तक ही सीमित रहता है, H5N1 और H7N9 जैसे कुछ सबटाइप इंसानों को इन्फेक्ट करने में सक्षम हैं। मनुष्यों में इन्फेक्शन आमतौर पर संक्रमित पक्षियों (मुर्गियों, बत्तखों आदि) के सीधे संपर्क में आने से होता है। जैसे-
- संक्रमित पक्षी या उसकी लार, बलगम या मल के सीधे संपर्क में आना।
- संक्रमित पक्षियों के मल से दूषित सतहों या वस्तुओं को छूना।
- संक्रमित पक्षियों के मल या धूल के संपर्क में आने वाली हवा में सांस लेना, हालांकि, यह आमतौर पर नहीं होता, लेकिन ऐसा हो सकता है।

मनुष्यों में बर्ड फ्लू के लक्षण
बर्ड फ्लू के लक्षण आम सर्दी-जुकाम या सामान्य फ्लू जैसे ही हो सकते हैं, लेकिन ये अचानक और तेजी से उभर सकते हैं तथा गंभीर रूप ले सकते हैं। इन्फेक्शन के बाद लक्षण दिखने में 4 से 6 दिन का समय लग सकता है। इसके लक्षण ऐसे होते हैं-
- बुखार- अक्सर तेज बुखार।
- खांसी- आमतौर पर सूखी खांसी।
- गले में खराश- गला लाल और दर्दनाक होना।
- मांसपेशियों में दर्द- शरीर और जोड़ों में तेज दर्द।
- सिरदर्द- लगातार और तेज सिरदर्द।
- सांस लेने में तकलीफ- यह एक गंभीर लक्षण है और निमोनिया का संकेत हो सकता है।
- आंखों में इन्फेक्शन- आंखों का लाल होना, पानी आना या सूजन।
- पेट संबंधी लक्षण- कुछ मामलों में दस्त, उल्टी या पेट दर्द भी हो सकता है।
गंभीर मामलों में, इन्फेक्शन तेजी से बढ़ सकता है और जानलेवा भी साबित हो सकता है।
बचाव के लिए क्या करना चाहिए?
- इन्फेक्टेड पक्षियों से दूरी बनाए रखें- मरे हुए या बीमार दिखने वाले पक्षियों के संपर्क में आने से बचें। अगर किसी पक्षी के शव दिखें, तो स्थानीय पशु चिकित्सा विभाग को सूचित करें, उसे खुद न छुएं।
- सफाई और स्वच्छता का खास ध्यान रखें- पक्षियों के संपर्क में आने के बाद साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक अच्छी तरह हाथ धोएं। अगर साबुन उपलब्ध न हो, तो अल्कोहल-बेस्ड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
- मांस और अंडों को अच्छी तरह पकाएं- कच्चा या अधपका मांस खाने से बचें। चिकन, अंडे आदि को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।
- कच्चे मांस को हैंडल करते समय सावधानी- कच्चे मुर्गे के मांस को छूने के बाद हाथों, बर्तनों और कटिंग बोर्ड को अच्छी तरह साफ करें ताकि क्रॉस-कंटामिनेशन न हो।
- भीड़-भाड़ वाले पोल्ट्री फार्म या बाजारों में जाने से बचें- ऐसी जगहों पर वायरस के फैलने का खतरा ज्यादा होता है। अगर जाना जरूरी हो, तो मास्क पहनें और हाथों की सफाई का खास ध्यान रखें।
- लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें- अगर आपमें बर्ड फ्लू के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।