राहुल गांधी पचमढ़ी में... कांग्रेस जिला अध्यक्षों को किया संबोधित, X पोस्ट के जरिए मप्र सरकार को घेरा, कहा - बच्चों की थाली छीन ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पचमढ़ी में जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने मध्य प्रदेश में बच्चों को अखबार पर भोजन परोसे जाने की घटना पर दुख जताया और भाजपा सरकार की आलोचना की। राहुल गांधी का संगठन को सशक्त बनाने जोर है।

पचमढ़ी शिविर में मप्र कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को संबोधित करते राहुल गांधी ।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पचमढ़ी पहुंचे हैं। यहां पर वह मध्य प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के माध्यम से नियुक्त जिला अध्यक्षों के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए।
राहुल गांधी दोपहर करीब ढाई बजे भोपाल पहुंचे। राजा भोज एयरपोर्ट पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं विपक्ष के नेता उमंग सिंगार ने किया स्वागत। विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। कुछ समय रुकने के बाद हेलीकाप्टर से रवाना हुए पचमढ़ी। उनके साथ जीतू पटवारी एवं उमंग सिंघार भी पचमढ़ी रवाना हुए।
पचमढ़ी में उन्होंने पहले वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों के शिविर में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने और एसआइआर पर नजर रखने की सलाह दी।
रद्दी पर मध्याह्न भोजन परोसने का वीडियो किया पोस्ट
इससे पहले आज पचमढ़ी शिविर के लिए भोपाल रवाना होने से पूर्व राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि आज मध्य प्रदेश जा रहा हूं। जब से ये खबर देखी है कि वहां बच्चों को मिड-डे मील अखबार पर परोसा जा रहा है, दिल टूट सा गया है। ये वही मासूम बच्चे हैं जिनके सपनों पर देश का भविष्य टिका है, और उन्हें इज्जत की थाली तक नसीब नहीं। 20 साल से ज्यादा की भाजपा सरकार और बच्चों की थाली तक चुरा ली गई। इनका 'विकास' बस छलावा है, सरकार में आने का असली राज तो 'व्यवस्था' है। शर्म आनी चाहिए ऐसे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को जो देश के बच्चों, भारत के भविष्य का इस दुर्दशा से पालन-पोषण कर रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने श्योपुर के विजयपुर में स्थित शासकीय स्कूल में बच्चों को रद्दी कागज पर मध्याह्न भोजन परोसने का वीडियो भी पोस्ट किया
आज मध्य प्रदेश जा रहा हूं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 8, 2025
और जब से ये खबर देखी है कि वहां बच्चों को मिड-डे मील अख़बार पर परोसा जा रहा है, दिल टूट सा गया है।
ये वही मासूम बच्चे हैं जिनके सपनों पर देश का भविष्य टिका है, और उन्हें इज़्ज़त की थाली तक नसीब नहीं।
20 साल से ज्यादा की BJP सरकार, और बच्चों की थाली… pic.twitter.com/ShQ2YttnIs
कल बिहार रवाना होंगे राहुल
राहुल गांधी पचमढ़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में करीब तीन घंटे रहे। इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की तैयारी पर बात करने के साथ संगठन को सशक्त बनाने के लिए उठा जा रहे कदमों की जानकारी ली। रविवार को भोपाल होते हुए वे बिहार के लिए रवाना होंगे।
प्रदेश में पहली बार जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए राहुल गांधी की पहल पर संगठन सृजन अभियान चलाया गया था। इसमें चयनित अध्यक्षों को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा, भविष्य की चुनौती, नेतृत्व विकास, सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, संगठन सृजन सहित अन्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दिग्विजय सहित बड़े नेता पहुंचे
उधर, राहुल गांधी के साथ बैठक के लिए प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को पचमढ़ी बुलाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्य सभा सदस्य विवेक तनखा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह, कमलेश्वर पटेल, विधानसभा में उप नेता हेमंत कटारे सहित अन्य नेता पहुंचे।
मध्य प्रदेश में लाफ्टर शो के लिए स्वागत है : विश्वास सारंग
राहुल गांधी के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पर भाजपा नेता मंत्री विश्वास सारंग ने तंज कसते हुए कि 55 साल के युवा राहुल गांधी का मध्य प्रदेश में लाफ्टर शो के लिए स्वागत है। जो सैकड़ों चुनाव हारने का रिकार्ड बना चुके हैं वो यहां आकर कांग्रेस नेताओं को जीतने का हुनर सिखाएंगे। जो खुद ही अप्रशिक्षित और अनुशासनहीन हैं, वे जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण की जरूरत सबसे पहले पार्टी की वरिष्ठ नेताओं को है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।