Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दक्षिण अफ्रीका में सीखी हंटिंग, फिर लौटकर एमपी के जंगलों में किया शिकार, तस्कर गिरोह की जांच 11 माह से ठप

    Updated: Tue, 11 Nov 2025 03:09 PM (IST)

    दक्षिण अफ्रीका से शिकार सीखकर लौटे तस्करों ने मध्य प्रदेश के जंगलों में काले हिरणों का शिकार किया। इंदौर पुलिस ने तीन तस्करों को 65 किलो मांस के साथ दिसंबर 2024 में गिरफ्तार किया, लेकिन 11 महीने बाद भी इस मामले की जांच धीमी है। एक और तस्कर पकड़ा गया है, और उसके मोबाइल से कई डिलीटेड व्हाट्सएप चैट मिली हैं। गिरोह के सदस्य ट्रॉफी और अंगों की तस्करी करते थे। 

    Hero Image

    शिकार के दौरान फोटो खिंचवाते हुए वन्यजीव तस्कर इम्तियाज व सलमान।

    डिजिटल डेस्क, इंदौर। दक्षिण अफ्रीका में शिकार करना सीखकर लौटे तस्करों के एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह ने मध्य प्रदेश के जंगलों में काले हिरण और अन्य वन्यजीवों का बड़े पैमाने पर शिकार किया। इंदौर पुलिस ने 3 दिसंबर 2024 को मुंबई के तीन तस्करों — जोहर हुसैन, इम्तियाज खान और सलमान पियारजी — को 65 किलो काले हिरण के मांस के साथ गिरफ्तार किया था। इनसे जानवरों की हत्या के 500 से अधिक फोटो और वीडियो बरामद हुए। इसके बावजूद, घटना के 11 महीने बाद भी मध्य प्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) की जांच बेहद धीमी गति से चल रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जांच में अब तक सिर्फ एक और तस्कर, सुबाह पुत्र सलाहुद्दीन, को 29 अक्टूबर को मुंबई के जोगेश्वरी इलाके से पकड़ा गया है। उसका मोबाइल फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा गया है, जिसमें कई व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, लेकिन अधिकतर चैट डिलीट कर दी गई हैं। गिरोह में सुबाह की भूमिका ग्राहकों से संपर्क साधने की थी।

    शिकारियों का नेटवर्क 

    जोहर, इम्तियाज और सलमान के मोबाइल में हिरण, चीतल, चिंकारा और बारहसिंगा जैसे संरक्षित वन्यजीवों के शिकार, मांस और खाल निकालने के कई फोटो और वीडियो मिले हैं। गिरोह के सदस्य शिकार के बाद ट्रॉफी और अंगों की अवैध तस्करी भी करते थे। उनकी मोबाइल लोकेशन से पता चला है कि वे विदिशा, राजगढ़, रायसेन, गुना, शाजापुर और सागर जिलों के जंगलों में सक्रिय थे। शिकार के दौरान वे आपस में सैकड़ों बार संपर्क में रहे।

    जब्त सामग्री

    65 किलो काले हिरण का मांस

    1 स्वीडिश बंदूक, 1 देसी पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस

    4 मोबाइल फोन और 1 वाहन

     

    इम्तियाज के पास से यूएई का आईडी कार्ड बरामद

    इम्तियाज खान की मुंबई में गरम मसाले की फैक्ट्री है, जो खाड़ी देशों में सप्लाई करती है। उसके बार-बार विदेश आने-जाने से गिरोह की अंतरराष्ट्रीय कड़ी के संकेत मिले हैं।

    फरार निशानेबाज आमिर की तलाश जारी

    पूछताछ में भोपाल के आमिर का नाम सामने आया है, जो गिरोह का प्रमुख निशानेबाज बताया जा रहा है। आमिर हिरण और चीतल का शिकार करता था और फिलहाल फरार है। उस पर कई बार नोटिस भेजे जा चुके हैं।

    जमानत पर सुनवाई और समाज की आपत्ति

    गिरफ्तार तीनों आरोपियों की जमानत याचिकाएं अब तक तीन बार खारिज हो चुकी हैं। हाल ही में सलमान की जमानत पर बिश्नोई समाज ने आपत्ति दर्ज की है। वकील मनीष यादव ने कहा कि यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम से जुड़ा गंभीर अपराध है और आरोपी आदतन अपराधी हैं।

    आरोपी फरार

    तस्करों से पूछताछ में भोपाल के आमिर का नाम भी सामने आया है, जो निशानेबाज है। शिकार में आमिर की भूमिका अहम रहती थी, जो हिरण और चीतल को मारता था। तस्करों के पकड़ाए जाने के बाद से आमिर फरार है। साथ ही कई संदिग्ध भी एसटीएसएफ के पकड़ से दूर हैं। जांच में कई वन विभाग के कर्मचारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई है, क्योंकि शिकार के दौरान बेधड़क तस्कर जंगल में घूमते थे।


    काले हिरण मांस की तस्करी से एक गिरोह जुड़ा है। उसके कई गिरोह के सदस्यों पर नजर बनाए रखी हुई है। वैसे भोपाल निवासी आमिर फरार है। उसके घर पर कई बार नोटिस भेजा जा चुका है। समय-समय पर उसकी लोकेशन मिलती है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सलमान की याचिका पर आपत्ति लगी है।

    - शरद जाटव, प्रवक्ता, एसटीएसएफ