Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Maharashtra: दो दिन महाराष्ट्र की नब्ज टटोलेंगे अमित शाह, चुनाव की घोषणा से पहले अहम दौरा

Maharashtra महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर महाराष्ट्र के दौरे पर आ रहे हैं। यहां पर वह दो दिन राज्य की सियासी नब्ज टटोलेंगे। इससे पहले वह हाल ही में गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के दौरे पर आए थे। महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि शाह 24 एवं 25 सितंबर को महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Tue, 24 Sep 2024 12:02 AM (IST)
Hero Image
अमित शाह अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। (File Image)

राज्य ब्यूरो, मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधानसभा चुनाव से पहले दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे में वह राज्य के चार अलग-अलग क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मिलकर राजनीति की नब्ज टटोलेंगे। महाराष्ट्र में नवंबर में चुनाव होने की संभावना है।

महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि शाह 24 एवं 25 सितंबर को महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। मंगलवार को वह नागपुर, छत्रपति संभाजी महाराज नगर और बुधवार को कोल्हापुर एवं नासिक में पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।

पांच भागों में बंटा है महाराष्ट्र

गौरतलब है कि राजनीतिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से महाराष्ट्र को पांच भागों में बांटा गया है। ये क्षेत्र विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम महाराष्ट्र, उत्तर महाराष्ट्र एवं कोंकण के नाम से जाने जाते हैं। हाल ही में गणेशोत्सव के दौरान अमित शाह मुंबई में थे। मुंबई को कोंकण क्षेत्र का केंद्र माना जाता है। यहां शाह ने मुंबई-ठाणे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी।

जल्द हो सकती है सीट बंटवारे की घोषणा

क्षेत्रवार हो रही इन मुलाकातों के बाद ही महायुति में सीट बंटवारे के घोषणा नवरात्र शुरू होते ही हो जाने की संभावना है। महायुति (राजग) में भाजपा के साथ शिवसेना शिंदे गुट, राकांपा अजीत पवार गुट एवं कुछ छोटे दल शामिल हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में महायुति का मुकाबला विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) के साथ होना है।