Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में महिलाओं को 1100 रुपये की गारंटी की मांग, भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, चंडीगढ़ में सीएम आवास घेराव पर पुलिस से धक्का-मुककी

    By Sohan Lal Edited By: Sohan Lal
    Updated: Sat, 22 Nov 2025 01:38 PM (IST)

    चंडीगढ़ में भाजपा महिला मोर्चा ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें महिलाओं को 1100 रुपये प्रति माह देने की गारंटी को लागू करने की मांग की गई। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रही कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, जिसके बाद धक्का-मुक्की हुई। मोर्चा की अध्यक्ष ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि जब तक गारंटी पूरी नहीं होती, विरोध जारी रहेगा।

    Hero Image

    सीएम आवास का घेराव करने जा रही भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों को रोकती पुलिस।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में महिलाओं को हर महीने 1100 देने की आम आदमी पार्टी सरकार की गारंटी को लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया।

    महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास का घेराव करने के लिए रवाना हुईं, लेकिन पुलिस ने उन्हें लगभग 200 मीटर पहले ही बैरिकेड लगाकर रोक लिया।

    पुलिस की ओर से रोके जाने पर प्रदर्शन तेज हो गया और कई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।

    स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने कई बसें मौके पर खड़ी कर दीं, ताकि जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी की जा सके। वहीं, प्रदर्शनकारियों को जबरन आगे बढ़ने से रोकने के लिए पानी की बौछार वाला वाहन भी तैनात किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस पूरे प्रदर्शन की अगुआई महिला मोर्चा की पंजाब प्रदेश अध्यक्ष जयइंदर कौर कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार महिलाओं से किए वादे से पीछे हट रही है।

    उनके अनुसार, आप ने विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 1100 प्रति माह देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इस गारंटी को पूरा नहीं करती, तब तक विरोध जारी रहेगा।

    उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है और मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी गई। फिलहाल, मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।