लाल आतंक को बड़ा झटका, 26 नक्सली हमलों में शामिल टॉप कमांडर हिड़मा मारा गया
Madvi Hidma Killed in Encounter: सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा सहित आंध्र प्रदेश में 6 नक्सलियों को मार गिराया गया है। यह मुठभेड़ सुकमा से सटे अल्लुरी सीताराम जिले के पास आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हुई। पुलिस को नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। फायरिंग अभी भी जारी है।

कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा। फाइल फोटो
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नक्सलवाद के खात्मे के लिए चलाए गए ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा (Madvi Hidma) को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। हिड़मा के अलावा 5 अन्य नक्सलियों को भी सुरक्षाबलों ने मार गिराया है।
सुकमा से सटे आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम जिले के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही थी। इस मुठभेड़ में 45 लाख के इनामी हिड़मा उसकी पत्नी राजे व 25 लाख के इनामी एसजेडसीएम टेक शंकर मारे गए हैं।
कई घंटों की फायरिंग के बाद एनकाउंटर में 6 नक्सली ढेर कर दिए गए हैं। वहीं, एक नक्सली सुकमा में भी मारा गया है, जिसके साथ ही मरने वाले नक्सलियों की संख्या 7 हो गई है।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह एनकाउंटर आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हुआ है। पुलिस को इन जंगलों में कई नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। मुखबिरी के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आज सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच फायरिंग चल रही है। इस दौरान पुलिस ने सुकमा में भी 1 नक्सली को मार गिराया है। वहीं, आंध्र प्रदेश में हिड़मा समेत 6 नक्सलियों का एनकाउंटर किया गया है।
अल्लुरी सीताराम जिले के एसपी अमित बरदार के अनुसार,
आज सुबह 6:30-7 बजे के करीब मारेडुमिल्ली मंडल के जंगल में एनकाउंटर शुरू हुआ था। अब तक 6 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली है। यह पुलिस और सुरक्षाबलों के द्वारा चलाया गया साझा ऑपरेशन है।
हिड़मा की पत्नी भी ढेर
बता दें कि माड़वी हिड़मा को सबसे खूंखार नक्सलियों में गिना जाता है। हिड़मा कई नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है, जिसमें आम नागरिकों समेत 26 सुरक्षाबलों की मौत हो गई थी। हिड़मा पर पुलिस ने 50 लाख रुपये का इनाम रखा था। हिड़मा के अलावा उसकी पत्नी राजे की भी एनकाउंटर में मौत हो गई है।
कौन था माड़वी हिड़मा?
हिड़मा का जन्म 1981 को सुकमा जिले में हुआ था। पीपुल्स लिब्रेशन की गुरिल्ला बटालियन का नेतृत्व करने के बाद वो सीपीआई-माओवादी की केंद्रीय कमेटी का सदस्य बन गया था। हिड़मा बस्तर इलाके से इस कमेटी का अकेला सदस्य था। झीरम घाटी हमले के बाद हिड़मा का नाम पहली बार चर्चा में आया था। इसके बाद हिड़मा ने लगातार कई नक्सली हमलों को अंजाम दिया और दशकों तक उसके नाम की दहशत पूरे इलाके में देखने को मिलती थी।
हिड़मा देश की इकलौती माओवादी बटालियन नंबर-1 का कमांडर रहा था। यह वही बटालियन है, जो देशभर में सबसे बड़े और संगठित हमलों के लिए जानी जाती है। हाल ही में संगठन ने हिड़मा को केंद्रीय समिति का सदस्य बनाते हुए बटालियन नंबर-1 का प्रभारी नियुक्त किया गया था। उसकी जगह अब उसी के गांव के बारसे देवा को नया बटालियन कमांडर बनाया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।