'मैं दुनिया में तहलका मचा दूंगा', नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर अभिषेक सिंघवी ने ट्रंप की चुटकी लेते हुए लिखा- Machado
वेनेजुएला की नेता मारिया कोरिना मचाडो को नोबेल शांति पुरस्कार मिलने पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने डोनाल्ड ट्रंप पर चुटकी ली। मचाडो ने अपना पुरस्कार वेनेजुएला के लोगों और ट्रंप को समर्पित किया, जिसके बाद व्हाइट हाउस ने नोबेल समिति की आलोचना की।

अभिषेक मनु सिंघवी और डोनाल्ड ट्रंप। (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वेनेजुएला की नेता मारिया कोरिना मचाडो को नोबेल शांति पुरस्कार मिलने की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के समर्थकों को उम्मीद थी कि इस बार उन्हें ये पुरस्कार मिलेगा। ऐसे में ट्रंप को लेकर चुटकी ली जा रही है। ताजा मामले में राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्रंप पर निशाना साधा है।
सिंघवी ने मजाक भरे लहजे में कहा, "हल्के-फुल्के अंदाज में... बेकार जोक पीजे वाली चेतावनी के साथ लेकिन जाहिर है कि मजाक है। ट्रंप: अगर मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला तो मैं दुनिया में तहलका मचा दूंगा... नोबेल समिति: मचाडो।" दरअसल मचाडो को नोबेल पुरस्कार मिला है तो ऐसे में ट्रंप पर चुटकी लेने से पहले ही उन्होंने इसे बेकार जोक करार दिया है।
क्यों ली जा रही ट्रंप की चुटकी?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा जगजाहिर है। वह बार-बार इस बात पर जोर दे रहे थे कि दुनिया भर में विभिन्न संघर्षों को सुलझा रहे हैं और वे इसके लिए हकदार हैं। हालांकि कई लोग इस दावे पर विवाद करते हैं।
नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा के बाद व्हाइट हाउस ने नॉर्वेजियन नोबेल समिति पर तीखा हमला बोला। व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने एक्स पर कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप शांति समझौते करते रहेंगे, युद्ध समाप्त करते रहेंगे और लोगों की जान बचाते रहेंगे। नोबेल समिति ने साबित कर दिया है कि वे शांति से ज्यादा राजनीति को महत्व देते हैं।"
पुरस्कार मिलने पर मचाडो ने क्या कहा था?
मचाडो ने अपना नोबेल शांति पुरस्कार वेनेज़ुएला के लोगों और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उनके देश के लोकतंत्र समर्थक आंदोलन के "निर्णायक समर्थन" के लिए समर्पित किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैं यह पुरस्कार वेनेज़ुएला के पीड़ित लोगों और हमारे आंदोलन के निर्णायक समर्थन के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को समर्पित करती हूं!"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।