Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    भाजपा नेता ने जीप से कुचलकर की किसान की हत्या, पार्टी ने पद से हटाया; आरोपी फरार

    Updated: Mon, 27 Oct 2025 11:39 PM (IST)

    मध्य प्रदेश के गुना में जमीन विवाद में कांग्रेस से जुड़े किसान की भाजपा नेता ने जीप से कुचलकर हत्या कर दी। किसान के परिवार पर भी हमला किया गया। एफआईआर के बाद आरोपी को भाजपा से हटा दिया गया है, पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है और अन्य फरार हैं। मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

    Hero Image

    किसान की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के गुना में छह बीघा जमीन के विवाद में कांग्रेस से जुड़े एक किसान की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई। रविवार को हुई इस वारदात में किसान की पत्नी, बेटी और मामा के साथ भी मारपीट की गई। इस घटना का मुख्य आरोपित भाजपा का बूथ अध्यक्ष है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उसने अपने स्वजन के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। एफआईआर के बाद भाजपा ने उसे पद से हटा दिया है। पुलिस ने उसके एक साथी आरोपित को गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य आरोपित व अन्य फरार हैं। घटना गुना फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुरा की है।

    मृतक किसान कांग्रेस कार्यकर्ता था

    बताया गया कि मृतक किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता रामस्वरूप नागर के मामा राजेंद्र नागर ने राजस्थान के पचलावड़ा गांव में स्थित अपनी छह बीघा जमीन मुख्य हत्यारोपित भाजपा नेता महेंद्र नागर को रुपये लेकर दे दी थी। इस पर रामस्वरूप को आपत्ति थी। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

    रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रामस्वरूप और उसकी पत्नी विनोदबाई को घेरकर लुहांगी व फर्सा से हमला किया गया। बचाने पहुंचे राजेंद्र नागर और रामस्वरूप की बेटी तनीषा व परिवार की कृष्णा से भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपित महेंद्र ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया और रामस्वरूप पर जीप भी चढ़ा दी, जिससे उसके हाथ-पैर टूट गए।

    जिला अस्पताल में तोड़ा दम

    जिला अस्पताल में रामस्वरूप की मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपित महेंद्र नागर समेत 14 लोगों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है। एसपी अंकित सोनी ने बताया कि एक आरोपित हुकुम सिंह नागर को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।

    वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुना की इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सरकार द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।