Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    चक्रवाती तूफान को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट, बिहार, बंगाल और झारखंड में होगी भारी बारिश; जानिए दिल्ली-NCR का हाल

    Updated: Sun, 26 Oct 2025 05:45 AM (IST)

    ओडिशा में चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए राज्य की आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव 27 अक्टूबर से राज्य में भारी बारिश ला सकता है। वहीं, चक्रवात का असर सिर्फ ओडिशा ही नहीं बिहार, झारखंड और बंगाल में भी देखने को मिलेगा। यहां आज से लेकर अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना है।

    Hero Image

    चक्रवाती तूफान को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट, बिहार, बंगाल और झारखंड में होगी भारी बारिश (फोटो- रॉयटर)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओडिशा में चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए राज्य की आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव 27 अक्टूबर से राज्य में भारी बारिश ला सकता है। वहीं, चक्रवात का असर सिर्फ ओडिशा ही नहीं बिहार, झारखंड और बंगाल में भी देखने को मिलेगा। यहां आज से लेकर अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मछुआरों को 26 अक्टूबर से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है

    मौसम विभाग ने इसे लेकर सतर्कता जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में छिटपुट बारिश शुरू हो सकती है। वहीं, ओडिशा में 27, 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होगी। मछुआरों को 26 अक्टूबर से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

    चक्रवाती तूफान के लिए तैयार ओडिशा- मंत्री

    राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने आश्वासन दिया कि राज्य 22 या 29 अक्टूबर को आने वाले चक्रवाती तूफान के लिए तैयार है। उन्होंने पुष्टि की कि स्वास्थ्य, जल, संसाधन और ऊर्जा विभाग स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

    स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभाग पूरी तरह तैयार

    उन्होंने कहा कि ओडिशा भारी वर्षा, बाढ़, नदियों के उफान और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति अत्यधिक संवेदनशील है। हम 22 या 29 तारीख को तट से टकराने वाले चक्रवाती तूफ़ान के लिए तैयारी कर रहे हैं। स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभाग पूरी तरह तैयार हैं।

    आगे कहा कि ओडिशा भर में स्थानीय प्रशासन, विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में, राहत केंद्रों, निकासी और आवश्यक आपूर्ति के प्रावधान की व्यवस्था कर चुके हैं। हम लोगों से आग्रह करते हैं कि वे घबराएँ नहीं क्योंकि हम पूरी तरह तैयार हैं।

    दिल्ली में तापमान का गिरना जारी, वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बरकरार

    मौसमी उतार चढ़ाव के बीच राष्ट्रीय राजधानी के तापमान में अब गिरावट आनी शुरू हो गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले और नीचे आ गया। दूसरी तरफ वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही बनी हुई है।

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 292 यानी खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। शुक्रवार को यह 275 रहा था।मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    2023 में अक्टूबर माह में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरा था, जबकि 2024 में यह 17.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 94 से 38 प्रतिशत रहा।

     रविवार को सुबह हल्की धुंध होगी

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को सुबह हल्की धुंध होगी। दिन में आसमान साफ रहेगा जबकि शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

    यह भी पढ़ें- उत्तर-पूर्वी हवा से अगले 48 घंटों में 2-3° सेल्सियस गिर सकता न्यूनतम तापमान, IMD ने जारी किया अलर्ट