गोवर्धन पूजा में निमंत्रण न देने पर पड़ोसी की हत्या, युवक के सिर में चार घंटे अटकी रही कुल्हाड़ी
रामपुरनैकिन में गोवर्धन पूजा का निमंत्रण नहीं मिलने से नाराज एक परिवार ने मंगलवार रात पड़ोसी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। युवक के सिर में फंसी कुल्हाड़ी करीब चार घंटे बाद निकाली गई। बुधवार दोपहर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

गोवर्धन पूजा का निमंत्रण नहीं मिला तो कुल्हाड़ी मारकर कर दी हत्या (सांकेतिक तस्वीर)
जेएनएन, सीधी। रामपुर नैकिन में गोवर्धन पूजा का निमंत्रण नहीं मिलने से नाराज एक परिवार ने मंगलवार रात पड़ोसी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। युवक के सिर में फंसी कुल्हाड़ी करीब चार घंटे बाद निकाली गई। बुधवार दोपहर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि खड्डी गांव का रहने वाला सूरज मिश्रा (27) अपनी बहन स्वाति मिश्रा के घर गोवर्धन पूजा में शामिल होने गया था।
पूजा में पड़ोसी यशोदा यादव, उसके पति सुखलाल यादव और बेटे मोले यादव को नहीं बुलाया गया था। रात करीब 9:30 बजे पूजा खत्म हुई तो यशोदा यादव ने मिश्रा परिवार के घर के बाहर पथराव शुरू कर दिया। यादव परिवार को ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मिश्रा परिवार पर हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी सूरज के सिर पर लगी और फंस गई। डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने सूरज को रामपुर नैकिन अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया।
डॉक्टरों ने सिर में फंसी कुल्हाड़ी निकाली। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपितों यशोदा यादव, सुखलाल यादव और बेटे मोले यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।