जापान-रूस को पछाड़ एशिया की तीसरी बड़ी ताकत बना भारत, पावर इंडेक्स में इंडिया की लंबी छलांग
एशिया पावर इंडेक्स 2025 में भारत को तीसरी सबसे बड़ी ताकत माना गया है। आस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा जारी इस सूची में भारत ने जापान और रूस जैसे देशों को पीछे छोड़ा है। अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर हैं। भारत की आर्थिक और सैन्य क्षमता में सुधार हुआ है, जिससे उसे 'मेजर पावर' का दर्जा मिला है। पाकिस्तान 16वें स्थान पर है।
-1764351484011.webp)
जापान-रूस को पछाड़ एशिया की तीसरी बड़ी ताकत बना भारत (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एशिया की ताकत के रूप में भारत तेजी से अपनी स्थिति मजबूत करता जा रहा है। खासतौर पर ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को धूल चटाने के बाद भारत की छवि तेजी से मजबूत हुई है। सैन्य क्षेत्र हो या आर्थिक, कूटनीतिक या सांस्कृतिक, कोई भी ऐसा क्षेत्र अछूता नहीं है, जिसमें भारत ने तरक्की का परचम न लहरा रखा हो।
इन्हीं आधारों पर आस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक 'लोवी इंस्टीट्यूट' द्वारा जारी 'एशिया पावर इंडेक्स 2025' में भारत को एशिया की तीसरी बड़ी ताकत के तौर पर आंका गया है। खास बात ये है कि भारत ने इस रैं¨कग में जापान, रूस, आस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया जैसे दिग्गज देशों को पीछे छोड़ दिया है।
भारत ने पहली बार सीमा किया पार
इस सूची में एशिया का न होने के बावजूद इस क्षेत्र में अपने दबदबे के चलते अमेरिका पहले स्थान पर है, जबकि चीन दूसरे स्थान पर। इसी से भारत के बढ़ते रसूख का अंदाजा लगाया जा सकता है। एशिया के 27 देशों के प्रदर्शन के आधार पर ये सूची तैयार की गई है। रिपोर्ट के अनुसार भारत अपने समकक्ष देशों की तुलना में काफी आगे दिखता है, लेकिन चीन से अब भी बड़ा अंतर बना हुआ है।
वर्ष 2025 में भारत ने पहली बार उस सीमा को पार कर लिया है जिसे इंडेक्स में ''मेजर पावर'' के दर्जे के रूप में परिभाषित किया गया है। अमेरिका 81.7 अंक लेकर निर्विवाद रूप से शीर्ष पर है। चीन 73.7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है, जो उसकी प्रभाव क्षमता में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।
भारत 40 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है और उसके कुल प्रभाव में दो प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। यह प्रगति कोविड-19 के बाद भारत की तेज आर्थिक रिकवरी और बढ़ते भू-राजनीतिक प्रभाव का परिणाम मानी गई है।रिपोर्ट में कहा गया है, “भारत की आर्थिक और सैन्य क्षमता दोनों में 2025 संस्करण में सुधार हुआ है।
इसकी अर्थव्यवस्था मजबूत गति से बढ़ी है और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी, तकनीक और सामरिक प्रासंगिकता में भी हल्की बढ़ोतरी हुई है। भारत की सैन्य क्षमता भी निरंतर बेहतर हुई है।''अन्य देशों में रूस की प्रभाव क्षमता 2019 के बाद पहली बार बढ़ी है। उत्तर कोरिया और चीन के साथ उसके रक्षा और आर्थिक साझेदारी के कारण ऐसा माना जा रहा है।
जापान की स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर रही, जबकि दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों ने भी हल्की सुधारात्मक बढ़त दर्ज की है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन की बढ़ती शक्ति के बीच आस्ट्रेलिया के लिए दीर्घकालिक प्रभाव बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है, जबकि चीन और अमेरिका के बीच अंतर मामूली रूप से घटा है।
कैसे तय होती है रैंकिंग
लोवी इंस्टीट्यूट के सातवें संस्करण में कुल 131 संकेतकों और आठ मानकों- सैन्य क्षमता, रक्षा नेटवर्क, आर्थिक शक्ति, आर्थिक संबंध, कूटनीतिक एवं सांस्कृतिक प्रभाव, दृढ़ता और भविष्य के संसाधनों, के आधार पर समग्र प्रभाव क्षमता मापी गई है। इस इंडेक्स के अनुसार, उस देश को प्रमुख शक्ति या मेजर पावर कहा जाता है जिसके 40 या उससे अधिक अंक हों। पाकिस्तान टाप 10 से बाहर भारत के मुकाबले पाकिस्तान इस सूची में 16वें नंबर पर है, जबकि बांग्लादेश को 20वां स्थान मिला है। श्रीलंका 21वें, म्यांमार 23वें और नेपाल 25वें स्थान पर हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।