यूट्यूब देखकर बना रहा था देशी बम! फटने से आंख, हाथ में आई गंभीर चोट
इंदौर में दीपावली पर लापरवाही से पटाखे जलाने से कई लोग घायल हो रहे हैं। एमवाय अस्पताल में दो दिन में 11 लोग आंखों में चोट लेकर पहुंचे हैं। एक युवक यूट्यूब से देशी पटाखा बनाना सीख रहा था, तभी उसके हाथ में बम फट गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पटाखों से होने वाली आंखों की चोटें खतरनाक होती हैं। राकेट जलाते समय एक बच्चा भी घायल हो गया।

पटाखों से आई गंभीर चोट।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंदौर में दीपावली के पर्व पर कई लोग लापरवाही पूर्वक पटाखे फोड़ते हैं, जिसके कारण वह गंभीर चोट का शिकार हो जाते हैं। कई लोगों की आंखों की रौशनी लापरवाही के कारण चली जाती है। इस तरह के मामले हर वर्ष सामने आते हैं। एमवाय अस्पताल में दो दिन में 11 लोग लापरवाही पूर्वक पटाखा फोड़ने के कारण आंखों में चोट लेकर पहुंचे हैं।
इनमें से एक युवक तो यूट्यूब के माध्यम से देशी पटाखा बनाना सीख रहा था, बनाते समय ही हाथ में बम फट गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नेत्र रोग विभाग में आंखों की चोट के मरीज आए। इनमें से तीन मरीजों को आंखों में गंभीर चोट है और उनकी दृष्टि भी खतरे में है। सभी का उपचार किया जा रहा है। सभी मामलों में लापरवाही के कारण ही चोट आई है। हमें सावधानी पूर्वक पटाखे जलाने चाहिए, ताकि हम चोट से बच सकें।
खतरनाक होती है पटाखों से लगने वाली चोट
पटाखों से होने वाली आंख की चोट सबसे खतरनाक होती है। समय पर इलाज न मिलने पर दृष्टि स्थायी रूप से जा सकती है। मरीजों का उपचार विभागाध्यक्ष डा. प्रीति रावत के नेतृत्व में डा. श्वेता वालिया, डा. नीतू कोरी, डा. मनुश्री गौतम, डा. निहारिका आर्या आदि ने किया।
रॉकेट फटने से आई चोट
नौ वर्षीय बच्चा राकेट जलाते समय घायल हो गया। बच्चा चश्मा पहने हुए था लेकिन राकेट अचानक पास में फट गया और उसके टुकड़े आंख में घुस गए। इससे कार्निया और पुतली को गंभीर नुकसान पहुंचा, इसके चलते आपातकालीन सर्जरी की गई।
कार्बाइड गन से झुलसी आंख
कार्बाइड गन का उपयोग त्योहारों में अब भी खतरनाक तरीके से किया जा रहा है। विस्फोट के दौरान तेज रासायनिक प्रतिक्रिया से एक युवक का चेहरा और आंख गंभीर रूप से झुलस गए। अभी उसे अस्पताल में भर्ती रखा है।
यूट्यूब देखकर बनाया देशी बम
12 वर्षीय नाबालिग यूट्यूब देखकर घर पर देशी पटाखा बना रहा था, तभी अचानक से विस्फोट हो गया। हाथ में पटाखा फटने से हाथ के साथ ही आंख में भी गंभीर चोट आई है। अनियंत्रित राकेट सीधे आंख में घुस गया। पटाखों के धुएं व रासायनिक जलन से कार्निया डैमेज हो गया।
ऐसे करें आंखों का ख्याल
- आंख में चोट लगे तो तुरंत पानी से धोएं।
- साफ कपड़े से ढककर तुरंत अस्पताल पहुंचे।
- आंख में काजल, घी, बर्फ, गिलोय, हल्दी न लगाएं।
पटाखा जलाते समय बरते यह सावधानी
- चश्मा पहनकर ही पटाखे जलाएं।
- राकेट खुले में और सुरक्षित स्टैंड में ही जलाएं।
- बच्चों को कभी अकेला न छोड़ें।
यह भी पढ़ें: MP को डबल इंजन का नहीं मिल पाया लाभ, 44 हजार करोड़ में से मिले केवल आठ हजार करोड़
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।