Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देश के कई राज्यों में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, मौसम विभाग ने दी भारी वर्षा की चेतावनी; पहाड़ी इलाकों में हाहाकार

    Updated: Tue, 01 Jul 2025 06:56 AM (IST)

    देश भर में मानसून की सक्रियता से उत्तर प्रदेश बिहार झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने मध्य भारत उत्तराखंड और हरियाणा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ ओडिशा विदर्भ तेलंगाना गुजरात और महाराष्ट्र में भारी वर्षा की संभावना है। उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण छह लोगों की मौत हो गई।

    Hero Image
    उत्तर भारत में बाढ़ का खतरा मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो)

    जेएनएन, नई दिल्ली। मानसून के पूरे देश में पहुंचने के बाद हो रही वर्षा से कई जगह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

    भारतीय मौसम विभाग ने मध्य भारत, उत्तराखंड और हरियाणा में बाढ़ के खतरे के कारण सतर्क किया है। आइएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने एक आनलाइन प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि उत्तराखंड और हरियाणा में अच्छी बारिश की उम्मीद है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वोत्तर के बड़े हिस्सों, पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर, उत्तर-पश्चिम, पूर्व और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान देखने को मिल सकता है।

    इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

    पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ और तेलंगाना के आस-पास के क्षेत्र और गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से में भारी वर्षा हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बारिश का पैटर्न आमतौर पर तब होता है जब मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर स्थानांतरित होता है और जब कई निम्न दबाव प्रणाली बनती हैं।

    आमतौर पर, जुलाई में पांच निम्न दबाव प्रणाली बनती हैं और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ती हैं। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में एक जुलाई से बारिश बढ़ सकती है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, साथ ही बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखी गई।

    उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश, छह की मौत मानसून अब पूरी तरह प्रदेश में छा चुका है। सोमवार को दिनभर प्रदेश के सभी हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। रुक-रुक कर कभी हल्की तो कभी तेज। कानपुर, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, आगरा समेत कई जिलों में जल भराव का सामना लोगों को करना पड़ा।

    बारिश की वजह से हुई दुर्घटनाएं

    बारिश के दौरान गिरे बिजली के तार के करंट की चपेट में आकर मां-बेटे, छत और दीवार गिरने की घटनाओं में तीन, वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। बारिश के बीच प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ना भी जारी है। गंगा-यमुना के साथ ही शारदा, रामगंगा व केन, चंद्रावल नदियों में जलस्तर बढ़ा है।

    तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में पलायन करने लगे हैं। प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए है। शिमला में पांच मंजिला भवन ढहा, वर्षा के कारण तीन की मौत शिमला के भट्टाकुफर में सोमवार सुबह भारी वर्षा के बीच पांच मंजिला भवन ढह गया।

    शिमला के शहरी क्षेत्र में पूरी बरसात में खोदाई पर रोक लगा दी गई है। एचआरटीसी मंडी की सौली खड्ड स्थित मंडलीय वर्कशाप में पानी भरा होने के कारण करंट लगने से कर्मचारी की मौत हो गई जबकि बिलासपुर में जुखाला में अली खड्ड में डूबने से वृद्धा की जान चली गई। मंडी जिले में सराज के बागाचुनौगी में एक बुजुर्ग की गिरने से मौत हो गई।

    उत्तराखंड-पंजाब में ऑरेंज अलर्ट

    प्रदेश में 259 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के तीन जिलों में बहुत भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कांगड़ा, मंडी व सिरमौर में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई्र है।

    उत्तराखंड और पंजाब में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट उत्तराखंड में सोमवार सुबह से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व हेमकुंड साहिब की यात्रा सुचारू हो गई है। यमुनोत्री धाम की यात्रा को शुरू नहीं किया जा सका है और एक हजार से अधिक यात्री पड़ावों पर ही रुके हैं।

    चार धाम यात्रा स्थगित

    उत्तरकाशी में यमुनोत्री राजमार्ग तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और इसे खुलने में दो दिन का समय लग सकता है। रविवार को तेज वर्षा व राजमार्ग अवरुद्ध होने के कारण चार धाम यात्रा को स्थगित कर दिया गया था।

    मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को भी देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल व बागेश्वर में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है। उधर पंजाब में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब में एक जुलाई को कई जिलों में भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।