Rajnath Singh Meeting: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुखों की 'मुस्कान' ने कह दी सारी कहानी, ये फोटो देख जल जाएगा पाकिस्तान
पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को भारतीय सेना नौसेना और वायु सेना के प्रमुखों के साथ हाई लेवल मीटिंग की। बैठक में भारतीय सशस्त्र बलों के प्रमुख राजनाथ सिंह को घटनाक्रम और रणनीति के बारे में जानकारी दी गई। इस बैठक की एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल करने के एक दिन बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सेना प्रमुखों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य की व्यापक समीक्षा की। इस बैठक का नजारा देखने लायक था।
पाकिस्तान की ओर से दिखाई गई आक्रामकता के बावजूद रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख शांत, आत्मविश्वास से भरे हुए और प्रसन्न दिखाई दिए। उनके चेहरों की मुस्कान ने बता दिया कि गुरुवार को दिन में और रात में चलाए गए सैन्य अभियानों में क्या हुआ होगा। साथ ही देश को यह संदेश भी मिल गया कि देश का नेतृत्व सतर्क है और चिंतित होने की जरूरत नहीं है।
पाकिस्तान के प्रयासों के बारे में जानकारी दी
सूत्रों के अनुसार बैठक में सुरक्षा स्थिति के हर पहलू पर चर्चा की गई। साथ ही रणनीतिक योजना एवं सैन्य तैयारियों पर विचार-विमर्श हुआ। सैन्य नेतृत्व ने रक्षा मंत्री को पाकिस्तान के प्रयासों के बारे में जानकारी दी, जो भारतीय सैन्य व नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए किए गए थे और जिन्हें भारतीय सेनाओं ने प्रभावी ढंग से विफल कर दिया।
बैठक में कौन-कौन शामिल
रक्षा मंत्री को भारतीय सैन्य बलों की तैनाती, जवाबी हमलों में उपयोग किए गए हथियारों और भारत की बहु-स्तरीय वायु रक्षा प्रणाली की प्रभावशीलता के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह उपस्थित थे।
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार
भारत ने गुरुवार रात पाकिस्तान के जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और अन्य स्थानों पर मिसाइलों और ड्रोन से किए गए हमलों को विफल कर दिया था। पाकिस्तानी प्रयासों को विफल करने के बाद रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और अपने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पाकिस्तान के प्रयासों को विफल कर दिया
भारतीय सैन्य अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों को भारतीय सैन्य बलों ने प्रभावी ढंग से मार गिराया और दुश्मन के प्रयासों को विफल कर दिया गया।गुरुवार दोपहर रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि भारतीय सशस्त्र बलों ने 15 शहरों में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल कर दिया। वहीं, रक्षा मंत्री का कहना था कि देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए कोई सीमा बाधा नहीं बनेगी और राष्ट्र ऐसे जवाबों के लिए पूरी तरह तैयार है।
मीडिया से किया लाइव कवरेज से बचने का आग्रह
रक्षा मंत्रालय ने मीडिया चैनलों, डिजिटल प्लेटफार्मों और लोगों से रक्षा अभियानों व सुरक्षा बलों की गतिविधियों की लाइव कवरेज या रीयल-टाइम रिपोर्टिंग से बचने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि ऐसी संवेदनशील जानकारी उजागर करने से अभियान खतरे में पड़ सकते हैं और लोगों का जीवन जोखिम में पड़ सकता है।
सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक रहने का आह्वान
जैसा कारगिल युद्ध, 26/11 आतंकी हमले और कंधार अपहरण कांड जैसी घटनाओं में हुआ था। केबल टेलीविजन नेटवर्क (संशोधन) नियम, 2021 की धारा 6(1)(पी) के अनुसार केवल अधिकृत अधिकारी ही आतंकरोधी अभियानों के दौरान अपडेट दे सकते हैं। मंत्रालय ने सभी से राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक रहने का आह्वान किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।