Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कौन हैं एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह, जो बने नए वायु सेना प्रमुख; विवेक राम चौधरी की लेंगे जगह

एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह को वायु सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी की जगह लेंगे जो 30 सितंबर 2024 को पद से मुक्त होंगे। एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह फिलहाल वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। जानिए वायुसेना में उनके शानदार करियर के बारे में।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Sat, 21 Sep 2024 04:58 PM (IST)
Hero Image
वर्तमान वायु सेना प्रमुख विवेक राम चौधरी 30 सितंबर 2024 को पद से मुक्त होंगे। (Photo- ANI)

पीटीआई, नई दिल्ली। एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह को वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। उनके पास पांच हजार घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है। वह 30 सितंबर को एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी का स्थान लेंगे। अमरप्रीत अभी वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।

रक्षा मंत्रालय ने बताया, 'सरकार ने वर्तमान में वायुसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह को एयर चीफ मार्शल के पद पर अगले वायुसेना प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 30 सितंबर को दोपहर बाद से प्रभावी होगी।' वायुसेना प्रमुख विवेक राम चौधरी 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

विदेश में भी रही तैनाती

27 अक्टूबर, 1964 को जन्मे एयर मार्शल अमरप्रीत को दिसंबर, 1984 में वायुसेना में लड़ाकू विमान पायलट के तौर पर शामिल किया गया था। उन्होंने लगभग 40 वर्षों की अपनी लंबी और प्रतिष्ठित सेवा के दौरान विभिन्न कमान और स्टाफ में काम किया है। वह विदेश में तैनात रहे।

वायुसेना प्रमुख के रूप में एयर मार्शल अमरप्रीत की प्राथमिकताओं में नए लड़ाकू विमानों की खरीद और चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चुनौतियों समेत बल का आधुनिकीकरण शामिल हो सकता है। वायुसेना के लड़ाकू स्क्वाड्रनों की संख्या अधिकृत तौर पर 42 से घटकर करीब 30 रहे गई है। एयर मार्शल परम विशिष्ट सेवा पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित हो चुके हैं।

सहपाठियों के हाथ में तीनों सेनाओं की कमान

एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह की वायुसेना प्रमुख के तौर पर नियुक्ति के साथ ही एक अनोखा संयोग देखने को मिलेगा। तीनों सेनाओं थलसेना, नौसेना और वायुसेना का नेतृत्व सहपाठी करेंगे। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में सहपाठी रहे और वहां से 1983 में पास हुए।

जबकि जनरल उपेंद्र और नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सैनिक स्कूल में सहपाठी रहे। एडमिरल त्रिपाठी ने 30 अप्रैल को नौसेना प्रमुख का पदभार संभाला तो जनरल द्विवेदी ने 31 जुलाई को सेना प्रमुख बने। जबकि एयर मार्शल अमरप्रीत 30 सितंबर को वायुसेना प्रमुख बनेंगे।