ओडिशा के पारादीप में लापता चीनी नाविक का शव समुद्र में मिला, PICT पर सीढ़ी लगाते समय पानी में गिरा था युवक
ओडिशा के पारादीप पोर्ट में जहाज से समुद्र में गिरने के बाद लापता हुए चीनी नाविक झांग ताई का शव बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार ताई शुक्रवार सुबह पारादीप इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल पर सीढ़ी लगाते समय पानी में गिर गए थे। कोस्ट गार्ड और अन्य टीमों ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया। रविवार को उनका शव समुद्र में तैरता हुआ मिला।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के पारादीप पोर्ट में जहाज से समुद्र में गिरने के बाद लापता हुए एक चीनी नाविक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान झांग ताई के रूप में हुई है। ताई शुक्रवार सुबह पारादीप इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल (पीआईसीटी) पर सीढ़ी लगाते समय पानी में गिर गए थे।
कोस्ट गार्ड, एनडीआरएफ, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएएफ), राज्य समुद्री पुलिस, स्कूबा डाइवर्स और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने खोज अभियान चलाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पारादीप) स्मृति रंजन कर ने बताया कि रविवार को समुद्र में तैरता हुआ चीनी नाविक का शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे बाहर निकाला। एक पोत पिछले बुधवार को टर्मिनल पर पिग आयरन लेकर आया था।
अधिकारी ने कहा कि कार्गो उतारने के बाद जहाज शुक्रवार सुबह रवाना होने की तैयारी कर रहा था। सीढ़ी खोलते समय ताई पानी में गिर गए।
उन्होंने बताया कि एक बांग्लादेशी नाविक ने उन्हें बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगाई, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। क्रू ने बांग्लादेशी नाविक को बचा लिया, जबकि ताई शुक्रवार से लापता थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम नौवहन मंत्रालय की मदद से चीनी नाविक का शव उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।