Odisha Weather Update: ओडिशा में चक्रवात का खतरा टला, तापमान में गिरावट की संभावना
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात से ओडिशा को कोई खतरा नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का मार्ग ओडिशा से दूर है, जिससे राज्य में किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। हालांकि, चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

ओडिशा का मौसम। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे दो अलग अलग दबाव के क्षेत्र ने सर्दियों में चक्रवात बनने की आशंका को बढ़ा दिया है, हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि इन दोनों में से किसी भी दबाव का ओडिशा पर सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
मलक्का जलडमरू मध्य के पास बना दबाव का क्षेत्र मंगलवार देर रात एक गहरे अवदाब में बदल गया है और इसके आज देर शाम तक चक्रवाती परिसंचरण में बदलने की उम्मीद है, क्योंकि यह पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।
आइएमडी के अनुसार, मलक्का जलडमरूमध्य बना पहला दबाव का क्षेत्र निम्न दबाव क्षेत्र में बदला और फिर गहरे अवदाब में विकसित हो गया। इसके आज दोपहर तक और अधिक मजबूत होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि यह गहरा दबाव मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ते हुए ताकत जुटा रहा है, लेकिन इसके संभावित लैंडफॉल को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।
श्रीलंका के पास दूसरा दबाव बना
उधर, दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका और आसपास के हिंद महासागर क्षेत्र के पास एक अन्य परिसंचरण विकसित हुआ है।यह दबाव का क्षेत्र भी मजबूत हो रहा है और उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों के भीतर इसके एक चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र और बाद में अवदाब में बदलने की संभावना है।
आइएमडी के मॉडल दर्शाते हैं कि यह दुसरा दबाव का क्षेत्र भी मजबूत तो होगा, लेकिन इसका मार्ग भी ओडिशा की ओर सीधे बढ़ने की संभावना नहीं है। दोनों दबाव के क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है, परंतु वर्तमान पूर्वानुमान लगातार ओडिशा को संभावित प्रभाव क्षेत्र से बाहर बताते हैं।
चक्रवात की चर्चा के बावजूद ओडिशा में शुष्क रहेगा मौसम
चक्रवात को लेकर चर्चाओं के बावजूद ओडिशा में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।भुवनेश्वर स्थित आइएमडी के क्षेत्रीय केंद्र ने बताया कि कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में स्थिर मौसम बना रहेगा।
पूरे राज्य में 2 दिसंबर तक शुष्क मौसम बना रहेगा।अगले दो दिनों में रात के तापमान में 2 डिसे से 3 डिसे की गिरावट दर्ज की जा सकती है।आइएमडी ने यह भी बताया कि फिलहाल धुंध ही एकमात्र तात्कालिक चेतावनी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।