Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    20 साल बाद फिर राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर सकता है भारत, 2010 में किया था होस्ट

    Updated: Wed, 25 Jun 2025 10:34 PM (IST)

    भारत 20 साल बाद फिर से राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर सकता है। 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी में भारत दौड़ में सबसे आगे बना हुआ है। भारत ने 2010 में दिल्ली में इन खेलों की मेजबानी की थी और इस बार खेलों की मेजबानी के लिए इच्छुक देशों की संख्या काफी कम है।

    Hero Image

    भारत को मिल सकती है 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी।

    नई दिल्ली, जेएनएन। भारत 20 साल बाद फिर से राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर सकता है। 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की दौड़ में शामिल कनाडा के ओंटारियो प्रांत ने लागत से जुड़ी चिंताओं के चलते अपनी दावेदारी आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह फैसला 'यूनाइटेड कनाडा' की संयुक्त बोली के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। क्योंकि ओंटारियो उन 4 प्रांतों में शामिल था, जिन्होंने 2030 संस्करण की संयुक्त मेजबानी में रुचि दिखाई थी। इस फैसले से भारत के लिए एक बार फिर राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का रास्ता साफ होता दिख रहा है।

    भारत ने 2010 में दिल्ली में इन खेलों की मेजबानी की थी और इस बार खेलों की मेजबानी के लिए इच्छुक देशों की संख्या काफी कम है। भारत, कनाडा और नाइजीरिया ने 2030 संस्करण की मेजबानी में रुचि दिखाते हुए अपने इच्छा पत्र दाखिल किए थे।

    मेजबानी में अहमदाबाद का नाम सबसे आगे

    इस बीच, भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों को 2036 ओलंपिक खेलों की तैयारी के रूप में देखा है और अपनी तैयारियों को काफी आगे बढ़ा दिया है। अहमदाबाद इन खेलों की मेजबानी के लिए प्रमुख दावेदार शहर है। हालांकि, कुछ प्रतियोगिताएं अन्य शहरों में भी आयोजित हो सकती हैं।

    शीर्ष अधिकारियों से मिला था भारत का दल

    गुजरात सरकार, केंद्रीय खेल मंत्रालय और भारतीय ओलंपिक संघ के मंत्रियों और अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सात जून को लंदन में कामनवेल्थ स्पोर्ट के शीर्ष अधिकारियों से मिला था। इन बैठकों के बाद ऐसी जानकारी सामने आई है कि राष्ट्रमंडल खेलों की संचालन संस्था के अधिकारी अगस्त में अहमदाबाद का दौरा करेंगे।

    यह दौरा 31 अगस्त की आधिकारिक बोली जमा करने की समयसीमा से कुछ दिन पहले होगा। अगर यह दौरा होता है तो यह इस वर्ष जनवरी के बाद अहमदाबाद का उनका दूसरा दौरा होगा।

    comedy show banner