Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    अमित शाह का परिवारवाद पर प्रहार, विपक्ष पर साधा निशाना

    Updated: Mon, 27 Oct 2025 08:12 PM (IST)

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुंबई में भाजपा कार्यालय के शिलान्यास समारोह में परिवारवादी पार्टियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब देश में काम करने वाली पार्टियां ही चलेंगी। शाह ने भाजपा को लोकतांत्रिक मूल्यों वाली पार्टी बताया, जहाँ एक बूथ कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने महाराष्ट्र में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही।

    Hero Image

    अमित शाह का परिवारवाद पर प्रहार, विपक्ष पर साधा निशाना

    राज्य ब्यूरो, मुंबई। कांग्रेस सहित परिवारवाद के सहारे चल रहे सभी राजनीतिक दलों पर तीखा प्रहार करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि अब परिवारवाद वाली पार्टिंयां देश में नहीं चलेंगी। काम करके दिखानेवाली पार्टियां ही चलेंगी। शाह ने यह बात मुंबई में प्रदेश भाजपा के नए कार्यालय का शिलान्यास करते हुए यह बात कही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा की ओर से अक्सर परिवारवादी पार्टियों पर प्रहार किया जाता रहा है। जबकि महाराष्ट्र के शिवसेना(यूबीटी) जैसे दल परिवारवाद का समर्थन करते हुए ‘ठाकरे ब्रांड’ को भुनाने की कोशिश करते रहते हैं। आज मुंबई में बोलते हुए अमित शाह ने बिना किसी दल का नाम लिए इसी मानसिकता पर प्रहार किया।

    शाह ने बताई भाजपा की खासियत

    उन्होंने कहा कि भारत में एकमात्र राजनीतिक दल भाजपा ही है, जिसमें बूथ का अध्यक्ष एक दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। मैं स्वयं इसका उदाहरण हूं। 1981 में मेरी नियुक्ति बूथ अध्यक्ष के रूप में हुई थी, और एक दिन इस महान पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का मौका भी हमें मिला। यह बताता है कि हमारी पार्टी परिवारवाद के आधार पर नहीं चलती। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर चलती है। जो परिश्रम करता है, पार्टी के सिद्धांतों पर आगे बढ़ता है, जिसके अंदर कुछ कर दिखाने की ताकत है, वही इस पार्टी में बड़ा नेता बन सकता है।

    हमने यह सिद्ध करके दिखा दिया है कि परिवारवादी दलों की राजनीति इस देश में नहीं चलेगी, पॉलिटिक्स आफ परफार्मेंस (काम करके दिखानेवाली राजनीति) ही यहां चल पाएगी। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं। एक गरीब चायवाले के घर में पैदा हुआ बालक अपने त्याग, समर्पण, सेवा और देशभक्ति के आधार पर तीन-तीन बार इस देश का प्रधानमंत्री बनता है।

    महाराष्ट्र में जल्दी ही स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं। अमित शाह ने इसके लिए भी भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज महाराष्ट्र में डबल इंजन की सरकार है। इससे आप लोग संतुष्ट होंगे, लेकिन मैं नहीं हूँ। हमें डबल इंजन सरकार नहीं, बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार चाहिए।

    शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का किया जिक्र

    तहसील पंचायत, जिला पंचायत, नगर पालिकाओं और महानगरपालिकाओं के चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में इतने दम-खम के साथ लड़िए कि विरोधियों का सूपड़ा साफ हो जाए। दूरबीन लेकर भी वह कहीं दिखाई न पड़ें। शाह ने कहा कि देश की जनता भाजपा के स्वागत के लिए तैयार है। इसी महाराष्ट्र में 2014 में हम चौथे नंबर की पार्टी हुआ करते थे।

    आज हम पहले नंबर की पार्टी बन चुके हैं। यही स्थिति देश भर की है। शाह ने आपरेशन सिंदूर का भी जिक्र करते हुए कहा जिन आतंकियों ने पहलगाम में लोगों का धर्म पूछकर मारा था, हमारी सेनाओं ने उनके घर में घुसकर पाकिस्तान का सफाया किया है। और आपरेशन महादेव में वह कांड करनेवालों को भी उनकी गति तक पहुंचाकर ही दम लिया गया है। यानी करनेवाले भी गए, करानेवाले भी गए, और पूरी दुनिया में यह संदेश गया कि भारत की सीमा और भारत की सेना के साथ छेड़खानी नहीं करते। वरना नतीजे बुरे होते हैं।