Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बिहार से ही सील होगी कांग्रेस की गाली वाली दुकान', राहुल गांधी पर भाजपा ने साधा निशाना

    भाजपा ने दरभंगा में कांग्रेस मंच से पीएम मोदी और उनकी स्वर्गीय मां पर अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस मोदी को नेता मानती है और इसलिए अपशब्दों का प्रयोग करती है। उन्होंने राहुल गांधी पर लोकतांत्रिक रूप से चुने गए पीएम को गाली देने का आरोप लगाया।

    By Jagran News Edited By: Swaraj Srivastava Updated: Thu, 28 Aug 2025 08:08 PM (IST)
    Hero Image
    संबित पात्रा ने कहा लोकतंत्र में आज भाषा की मर्यादा तार-तार हो रही है (फाइल फोटो)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ अभद्र अशोभनीय टिप्पणी किए जाने पर भाजपा ने तीखे शब्दों में ऐतराज जताया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जब से कांग्रेस को मोदी में संभावित नेता नजर आया, तभी से वह उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग करने लगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    साथ ही आरोप लगाया कि राहुल गांधी को देश की राजनीतिक गद्दी नहीं मिली तो वह लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए प्रधानमंत्री को गाली देने लगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की गाली वाली दुकान बिहार से ही सील होगी।

    कांग्रेस को अहंकारी बताया

    भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में आज भाषा की मर्यादा तार-तार हो रही है। पीएम और उनकी माता के विरुद्ध जिस प्रकार की कटुता, अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया है, उससे आज उस पार्टी को शर्मसार होना चाहिए, जो कभी अपने आप को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती थी। वह गांधीजी की पार्टी थी, लेकिन आज जो तथाकथित रूप से खुद को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती है, वह आज गाली वाली पार्टी बन गई है। वह महात्मा गांधी नहीं, बल्कि नकली गांधी की पार्टी है।

    उन्होंने कहा कि इनमें कूट-कूटकर अहंकार भरा हुआ है। जिनको लगता है कि भारतवर्ष उन्हीं का है, यदि देश में राजनीतिक गद्दी उन्हें नहीं मिलती है तो वह कुछ दिनों के बाद लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए व्यक्ति को मां की गाली भी दे सकते हैं। बिहार में जहां से चाणक्य और महात्मा बुद्ध हुए, जहां से भाषा और ज्ञान-संस्कृति का प्रवाह बहा, वहां की जनता इस प्रकार की भाषा को देख रही है, उसे परख रही है और उसका जवाब भी देगी।

    अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने का आरोप

    पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल पांच-सात दिनों से जो भाषण दे रहे हैं, उसमें पीएम को तू कह कर संबोधित कर रहे हैं और ऐसी अमर्यादित भाषा भारत पसंद नहीं करता है। यह पहली बार नहीं हुआ बल्कि वर्ष 2012-13 और उससे पहले जब से कांग्रेस को पीएम मोदी में संभावित नेता दिखा, तब से उनके लिए इस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रही है।

    कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए पात्रा ने कहा कि हमें वह हिटलरशाही वाला बताती है। किस देश में राष्ट्राध्यक्ष के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया जाता है? यदि इतनी गाली देने के बाद भी हिटलरशाही है तो फिर उनके हिसाब से लोकतंत्र दे दिया जाए तो शायद सिर्फ मारना ही बाकी रह जाएगा।

    कटाक्ष करते हुए पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी, मणिशंकर अय्यर और संजय राऊत के बीच कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से आशा नहीं है कि वह माफी मांगेंगे क्योंकि गाली देकर उन्हें आनंद की अनुभूति हो रही है, लेकिन जनता को नहीं हो रही और बिहार की जनता इसका जवाब देगी।

    यह भी पढ़ें- बिहार का अपमान करने वालों के संग घूम रहे राहुल और तेजस्वी, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कसा तंज