'रात 8 बजे के बाद TMC नेताओं को घर में बंद रखें', दुर्गापुर घटना के बाद BJP का तंज; ममता सरकार पर साधा निशाना
दुर्गापुर में छात्रा से दुष्कर्म के बाद ममता बनर्जी के बयान पर भाजपा ने टीएमसी पर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा कि टीएमसी कार्यालयों को रात 8 बजे बंद कर देना चाहिए। अमित मालवीय ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा। टीएमसी ने पलटवार करते हुए भाजपा शासित राज्यों में दुष्कर्म की घटनाओं का मुद्दा उठाया। तृणमूल ने भाजपा को अपने राज्यों पर ध्यान देने की सलाह दी है।
-1760530892707.webp)
दुर्गापुर एमबीबीएस छात्रा दुष्कर्म कांड पर ममता की टिप्पणी पर भाजपा नेता कस रहे हैं तंज (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महिला सुरक्षा पर दिए गए बयान से उपजे विवाद के बीच बंगाल भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए एक व्यंग्यात्मक अभियान शुरू किया है। भाजपा ने कहा कि तृणमूल के कार्यालयों को रात आठ बजे तक बंद करने और उनके नेताओं को रात भर घरों में कैद रखने से बंगाल में दुष्कर्म के मामलों में कमी आ सकती है।
इंटरनेट मीडिया एक्स पर तंज कसते हुए भाजपा ने दावा किया कि अगर ममता बनर्जी तृणमूल के कार्यालयों को बंद कर दें और पार्टी नेताओं को रात आठ बजे के बाद उनके घरों में कैद कर दें, तो बंगाल में दुष्कर्म के मामलों में 90 प्रतिशत की कमी आ जाएगी। इस बयान को और आगे बढ़ाते हुए भाजपा आईटी सेल प्रमुख और बंगाल इकाई के प्रभारी अमित मालवीय ने लिखा कि यह पोस्ट ममता बनर्जी के साथ जो कुछ भी गलत है, उसे बयां करती है। उन्हें जाना ही होगा।
TMC ने किया पलटवार
इस पर पलटवार करते हुए तृणमूल ने भी कहा कि भाजपा को तृणमूल नेताओं को उपदेश देने से पहले अपने राज्यों में दुष्कर्म की घटनाओं से निपटना चाहिए। भाजपा का अभियान सीधे तौर पर तृणमूल नेताओं पर राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होने का आरोप लगाता है।
यह पोस्ट ममता बनर्जी की उस टिप्पणी पर भी निशाना साधती है जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं को रात में बाहर नहीं निकलना चाहिए-यह टिप्पणी उन्होंने दुर्गापुर दुष्कर्म की घटना पर बोलते हुए की थी।
तृणमूल ने भी किया पलटवार
यह अभियान में मुख्यमंत्री के दावे का भी मजाक उड़या गया है कि पीड़िता, जो एक आदिवासी द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा है, रात 12.30 बजे अपने कालेज परिसर से निकली थी, जबकि संस्थान ने बाद में पुष्टि की कि वह रात आठ बजे गई थीं।
भाजपा प्रवक्ता शतरूपा ने कहा कि पिछले मामलों में तृणमूल नेताओं और अपराधियों के बीच संबंध स्पष्ट थे, जिसमें हांसखाली नाबालिग लड़की दुष्कर्म, आरजी कर में एक जूनियर डाक्टर की हत्या, और कसबा ला कालेज दुष्कर्म घटना का हवाला दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ कई अपराधों में तृणमूल नेताओं के रिश्तेदार और करीबी सहयोगी शामिल रहे हैं।
इससे पार्टी के ऐसे अपराधों से जुड़े होने का पता चलता है। इसलिए, महिलाओं को रात में बाहर न निकलने की सलाह देने के बजाय, सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं को ऐसे अपराधों को रोकने के लिए रात आठ बजे के बाद घर पर रहने के लिए कहा जाना चाहिए।
भाजपा पर TMC का निशाना
तृणमूल प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने भाजपा नेताओं से कहा कि वे बंगाल पर टिप्पणी करने से पहले भाजपा शासित राज्यों में बढ़ती दुष्कर्म की घटनाओं पर ध्यान दें। उन्होंने आगे कहा कि ओडिशा में समुद्र तटों पर महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहा है।
वहां और अन्य भाजपा शासित राज्यों से ऐसी कई घटनाएं सामने आ रही हैं। वे इस बारे में बात क्यों नहीं करते? हाथरस, उन्नाव और अन्य जगहों पर भी इसी तरह के मामले सामने आए हैं। क्या उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं को घर पर रहने के लिए कहा जाना चाहिए?
यह भी पढ़ें:-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।