Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महाराष्ट्र निकाय चुनाव, मीडिया ही नहीं इन चर्चित चेहरों के साथ भी फडणवीस ने किया संवाद

    Updated: Tue, 13 Jan 2026 06:58 PM (IST)

    महाराष्ट्र निकाय चुनावों में नेता, खासकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पारंपरिक मीडिया के साथ-साथ चर्चित चेहरों और अभिनेताओं के साथ साक्षात्कार कर जनता ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    फडणवीस का चर्चित चेहरों संग संवाद (फाइल फोटो)

    ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में इस बार नेता गण पारंपरिक मीडिया के साथ-साथ चर्चित चेहरों एवं अभिनेता-अभिनेत्रियों के साथ साक्षात्कार कर समाज से जुड़ने का प्रयास करते दिखाई दिए। इनमें भी बाजी मारते दिखे भाजपा नेता एवं राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस।

    मुख्यमंत्री फडणवीस का सबसे चर्चित साक्षात्कार आजकल की चर्चित अभिनेत्री गिरिजा ओक के साथ रहा। पुणे में लिये गए इस साक्षात्कार को संवाद पुणेकरांशी नाम दिया गया था। गिरिजा ओक और फडणवीस दोनों ही का जन्म नागपुर में हुआ है। लेकिन इस संवाद की शुरुआत गिरिजा यह कहकर करती दिखाई दीं कि वह पुणे की बेटी नहीं, बल्कि बहू हैं। इसलिए यदि कोई सवाल कठिन लगे तो क्षमा करें।

    एक मराठी चैनल पर प्रस्तुत इस साक्षात्कार में पुणे से संबंधित समस्याओं पर भी प्रश्न पूछे गए, और मुख्यमंत्री फडणवीस ने बड़े विस्तार से उन प्रश्नों का उत्तर भी दिया, ताकि पुणे की जनता को सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जा सके।

    इस साक्षात्कार में गिरिजा ओक ने जब फडणवीस से उनके पसंदीदा फिल्मों और नाटकों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि हम असल जिंदगी में नाटक देख भी रहे हैं, और खेल भी रहे हैं। उनके इस उत्तर पर वहां मौजूद दर्शकों में हंसी के फव्वारे छूट पड़े।

    नागपुर देवेंद्र फडणवीस का गृहनगर

    पुणे की ही भांति नागपुर में भी एक चैनल द्वारा आयोजित साक्षात्कार मराठी अभिनेत्री स्पृहा जोशी एवं हास्य अभिनेता भारत गणेशपुरे मिलकर मुख्यमंत्री का साक्षात्कार किया गया। चूंकि नागपुर देवेंद्र फडणवीस का गृहनगर है, और वह उसी शहर से विधायक भी हैं, इसलिए वहां की नागरिक समस्याओं के बारे में ही उनसे सवाल पूछे गए, और फडणवीस ने अपने द्वारा किए गए कामों की विस्तार से जानकारी भी दी।

    एक और बड़े शहर कोल्हापुर में फडणवीस का साक्षात्कार पत्रकार कृष्णराज महाडिक, अभिनेता स्वप्निल राजशेखर और चारुदत्त जोशी ने किया। पनवेल में फडणवीस का ही साक्षात्कार अभिनेता प्रसाद ओक एवं बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता खानविलकर ने किया, तो ठाणे में हुआ कार्यक्रम मराठी टीवी से प्रसिद्ध हुई अभिनेत्री तेजस्वी प्रधान ने।

    सिने अभिनेताओं के साथ साक्षात्कार की यह कड़ी शिवसेना (यूबीटी) के साथ भी जुड़ी रही है। वास्तव में शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के पुनर्मिलन की शुरुआत ही अभिनेता-निर्देशक महेश मांजरेकर द्वारा लिए गए राज ठाकरे के साक्षात्कार से हुई। मांजरेकर के एक प्रश्न पर राज ठाकरे ने कहा था कि वह महाराष्ट्र हित के लिए वह छोटे-मोटे विवाद भुलाने को भी तैयार हैं।

    इसके बाद से ही दोनों भाइयों में संवाद शुरू हुआ और अब ठाकरे बंधु मिलकर बीएमसी चुनाव भी लड़ रहे हैं। कुछ ही दिन पहले शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में ठाकरे बंधुओं का श्रृंखलाबद्ध साक्षात्कार भी शिवसेना नेता संजय राउत के साथ महेश मांजरेकर ने ही लिया।