Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इंडिगो की उड़ान में देरी पर अमृतसर एयरपोर्ट पर हंगामा, यात्रियों की स्टाफ से तीखी बहस; दूसरे दिन भी कई उड़ानें लेट

    Updated: Thu, 04 Dec 2025 11:36 PM (IST)

    क्रू मेंबर्स की कमी के कारण इंडिगो एयरलाइन की उड़ानें दूसरे दिन भी प्रभावित रहीं। अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों ने खूब हंगामा किया, स्टाफ से बहस हुई। उ ...और पढ़ें

    Hero Image

    इंडिगो की उड़ान में देरी पर अमृतसर एयरपोर्ट पर हंगामा। फाइल फोटो

    जागरण टीम, अमृतसर/जालंधर। क्रू मेंबर्स की कमी का सामना कर रही इंडिगो एयरलाइन की उड़ानें वीरवार को दूसरे दिन भी प्रभावित हुईं। विमान का इंतजार कर रहे परेशान यात्रियों ने श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खूब हंगामा हुआ। यात्रियों की एयरलाइन स्टाफ के साथ तीखी बहस भी हुई। माहौल गरमाते देखकर सीआइएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और एयरलाइन के स्टाफ व यात्रियों से बातचीत की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुस्साए यात्रियों ने कहा कि उन्हें चाफी काफी नहीं चाहिए, उन्हें फ्लाइट जाने का सही समय बताया जाए। पहले कहा गया कि फ्लाइट दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। फिर 1:30 बजे समय दिया गया। बाद में 2:40 बजे और फिर शाम चार बजे का समय बताया गया। कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामे का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। अमृतसर से इंडिगो की दिल्ली, श्रीनगर व हैदराबाद जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। शारजाह उड़ान साढ़े आठ घंटे और कोलकाता की करीब साढ़े पांच घंटे की देरी से रवाना हुई।

    जालंधर के व्यापारी अमित जग्गी ने बताया कि आदमपुर एयरपोर्ट से मुंबई जाने के लिए इंडिगो फ्लाइट संख्या 6ई5932 बुधवार शाम चार बजे रवाना होनी थी। दोपहर एक बजे मोबाइल पर फ्लाइट देरी से आने का मैसेज आया। फिर दोपहर दो बजे आदमपुर-मुंबई फ्लाइट रद होने की सूचना दी गई। कस्टमर केयर पर संपर्क किया तो कहा गया कि वे रात 10 बजे अमृतसर से फ्लाइट संख्या 6ई278 ले सकते हैं। आदमपुर से करीब 15 यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे।

    अमृतसर एयरपोर्ट पर 186 यात्री पहले ही मुंबई की फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। फ्लाइट का समय बार-बार बदला गया। गुस्साए यात्रियों ने हंगामा कर दिया और इंडिगो के सीनियर अधिकारी से बात करवाने की मांग की। इसके बाद एयरपोर्ट अथारिटी ने इंडिगो के मैनेजर अर्शदीप सिंह को बुलाया। उन्होंने सुबह नौ बजे हर हाल में फ्लाइट जाने का भरोसा दिया, लेकिन साढ़े 11 बजे तक फ्लाइट नहीं आई।

    अमित जग्गी ने कहा कि उन्होंने बिजनेस टूर से मुंबई जाना था और शनिवार को वापस इंडिगो से ही आना था। वे निराश होकर घर लौट आए। होटल की बुकिंग भी खराब हुई। ठंड में गुजारी रात, महिला यात्री तबीयत बिगड़ी यात्रियों ने बताया कि रातभर फ्लाइट का इंतजार कर रहे लोगों को इंडिगो की तरफ से केएफसी से फूड देने की घोषणा की गई, लेकिन घटिया किस्म के बर्गर थमा दिए गए। सभी का सामान भी जमा करवा लिया गया था, जिस कारण वृद्ध यात्री दवा भी नहीं ले सके। एक वृद्ध महिला यात्री की तबीयत भी बिगड़ गई।