'कांग्रेस व शिअद ने सिर्फ नशा और बेरोजगारी दी', CM भगवंत मान ने विपक्ष पर बोला हमला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन उपचुनाव में आप प्रत्याशी हरमीत सिंह संधू के लिए जनसभाएं कीं। उन्होंने कांग्रेस और शिअद पर पंजाब को नशा और बेरोजगारी देने का आरोप लगाया। मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उन्होंने योग्यता के आधार पर नौकरियां दीं और बिजली के क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाया। उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और उपचुनाव में आप की जीत का दावा किया।

कांग्रेस व शिअद ने सिर्फ नशा और बेरोजगारी दी: भगवंत मान (फाइल फोटो)
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन उपचुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी हरमीत सिंह संधू के पक्ष में गांव सोहल, पंजवड़ और झब्बाल में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने आप के हरे रंग के पेन की तुलना कांग्रेस के लाल और शिअद के नीले रंग से करते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों की सरकारों ने पंजाब के लोगों को नशा, बेरोजगारी, अनपढ़ता के सिवाय कुछ नहीं दिया।
पौने चार वर्ष के दौरान आप सरकार ने हरे रंग के पेन का प्रयोग करते हुए पूरे राज्य में 58,962 लोगों को सरकारी नौकरियां मेरिट के आधार पर दीं। सरकार ने घाटे में जा रहे जीवीके कंपनी के थर्मल प्लांट को 1080 करोड़ रुपये में खरीदकर श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर इस कदर चलाया कि अब राज्य बिजली के क्षेत्र में सरप्लस सूबा बना चुका है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान आप प्रत्याशी हरमीत सिंह संधू की जनसभाओं में पहुंचने लोगों को देखकर गदगद दिखाई दिए। उन्होंने यहां अपने अंदाज में विपक्षी दलों पर इशारे से निशाना साधा, वहीं कहा कि प्रदेश में तीन पेन चलते रहे है।
लाल रंग के पेन को कांग्रेस का करार देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1984 में श्री हरिमंदिर साहिब पर टैंकों, तोपों से हमला, उसके बाद नई दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों में दंगे। कुल मिलाकर कांग्रेस के हिस्से लाल रंग का पेन ही आया, जो पंजाब के लिए अच्छी तस्वीर तो नहीं बना सकता, परंतु इस सरकार के मुख्यमंत्रियों से लेकर मंत्रियों और विधायकों ने अपनी तिजोरियां भरने में कसर नहीं छोड़ी।
मुख्यमंत्री ने शिअद की तुलना नीले रंग के पेन से करते हुए कहा कि चुनावी चिन्ह तकड़ी तो है, लेकिन यह बाबा नानक की 13-13 नहीं बल्कि बादल परिवार की मेरा-मेरा तोलती रही है। प्रकाश सिंह बादल का निधन हुआ तो चुनावी चिन्ह तकड़ी बुरी तरह से टूट गई। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर सियासी प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि धर्म को मुट्ठी में रखने का परिणाम यह परिवार भुगत रहा है।
बेअदबी के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब समक्ष गले में तख्ती डालकर पेश होते समय हां-हां कहने वाले सुखबीर सिंह बादल अपनी टांग पर प्लस्तर लगाकर श्री हरिमंदिर साहिब के बाहर सेवा करते रहे है। ऐसे में पंजाब के लोग कैसे भूल जाएं कि बेअदबी के लिए शिअद ने नीला पेन प्रयोग किया।
भगवंत मान ने कहा कि नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए अभियान के तहत प्रदेश के लोग उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को लगातार विजयी बनाते आए है। यहां पर हरमीत सिंह संधू पूरी तरह अनुभवी है, जिन्होंने समय पर शिअद की तकड़ी छोड़ दी। इस अवसर पर विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों, नवजोत कौर सोहल, सरपंच मुनीश कुमार मोनू चीमा, अंगददीप सिंह सोहल उपस्थित थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।