Tarn Taran By-Election: चुनाव प्रचार के दौरान बंगा के पूर्व कांग्रेसी MLA तरलोचन सिंह सूंढ को आया हार्टअटैक, मौत
तरनतारन उपचुनाव में प्रचार के दौरान बंगा के पूर्व कांग्रेसी विधायक तरलोचन सिंह सूंढ को दिल का दौरा पड़ने से दुखद निधन हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वे चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।

तरनतारन उपचुनाव: पूर्व विधायक तरलोचन सिंह सूंढ का प्रचार में निधन। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, तरनतारन। विधानसभा हलका तरनतारन उप-चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी करणबीर सिंह करण बुर्ज की चुनावी मुहिम में प्रचार के लिए लगातार दस दिन से दिन-रात एक कर रहे बंगा के पूर्व कांग्रेसी विधायक तरलोचन सिंह सूंढ को शनिवार की रात करीब पौने आठ बजे हार्टअटैक आया। उन्होंने इलाज के लिए सिविल अस्पताल, तरनतारन लेजाया गया, यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। इससे पार्टी में शोक छा गया।
तरनतारन शहर की वार्ड-3 के बूथ नंबर-111 के इंचार्ज सुखदेव सिंह बूंदी के साथ जिला कांग्रेस के महासचिव अवतार सिंह तनेजा के साथ बंगा रिजर्व सीट से पूर्व विधायक तरलोचन सिंह सूंढ की ड्यूटी लगाई गई थी। सूंढ लगातार 11 दिन से निजी होटल में ठहरे हुए थे और दिन के समय चुनाव प्रचार में व्यस्त रहते थे।
शनिवार को दिन के समय चुनाव प्रचार के दौरान वे एक होटल में आराम करने गए। आराम के बाद वे शेव कर रात करीब पौने आठ बजे तैयार हो रहे थे कि उन्हें होटल के कमरे में हार्टअटैक की शिकायत आई। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल, तरनतारन लाया गया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
सिविल अस्पताल तरनतारन के एसएमओ डा. सुरिंदर कुमार ने पूर्व विधायक तरलोचन सिंह सूंढ के मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि जब उन्हें इमरजेंसी वार्ड में लाया गया तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
देर रात उनका परिवार सिविल अस्पताल पहुंचा तो कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम करवाए ही स्वजनों को सौंप दिया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब कांग्रेस के संगठन महामंत्री कैप्टन संदीप सिंह संधू, खडूर साहिब के पूर्व सांसद जसबीर सिंह डिंपा, प्रवक्ता नरिंदर सिंह संधू, प्रत्याशी करणबीर सिंह करण बुर्ज, अवतार सिंह तनेजा, सुखदेव सिंह दासीके ने शोक व्यक्त किया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।