Bathinda News: नाबालिग लड़की की हत्या करने वाले 5 गिरफ्तार, पांच दिन पहले नहर से मिला था शव
तलवंडी साबो के गांव सिंगो में एक नाबालिग लड़की सिमरजीत कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि एक अभी भी फरार है। 15 वर्षीय सिमरजीत आठ महीने पहले लापता हो गई थी और उसका शव सरदूलगढ़ इलाके में नहर के किनारे मिला था। पुलिस ने लड़की के दादा की शिकायत पर मामला दर्ज किया था और जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, तलवंडी साबो (बठिंडा)। तलवंडी साबो के गांव सिंगो में एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपित अभी भी फरार है। डीएसपी तलवंडी साबो राजेश स्नेही ने बताया कि 15 वर्षीय सिमरजीत कौर आठ महीने पहले लापता हो गई थी।
उसका शव पांच दिन पहले सरदूलगढ़ इलाके में एक नहर के किनारे मिला था। मृतका अपनी दादी भजनो के साथ गांव सिंगो में रहती थी। उसकी मां का देहांत तब हुआ था, जब वह मात्र 9 महीने की थी। बीती 3 जून को सरदुलगढ़ नहर से लड़की का शव बरामद हुआ था।
शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबा दीप सिंह सिविल अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए हैं।
पुलिस के अनुसार गांव का एक युवक लवप्रीत सिंह तभी लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया था। लड़की के दादा मिट्ठू सिंह की शिकायत पर बीती 2 नवंबर 2024 को केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने लवप्रीत को भगोड़ा घोषित कर दिया था। तलवंडी साबो पुलिस ने लड़की के दादा मिट्ठू सिंह के बयान पर मामले में आरोपित युवक समेत 6 लोगों को नामजद किया है, जिनमें कथित मुख्य आरोपित युवक लवप्रीत सिंह उर्फ लभी, लवप्रीत सिंह की माता कुलवंत कौर, मौसी कुलविंदर कौर, जगजीत सिंह उर्फ जस्सू निवासी रणजीतगढ़ बांदरां, मनप्रीत सिंह निवासी हसपुर जिला फतेहाबाद, कृष्ण सिंह निवासी खुंभर शामिल हैं।
डीएसपी तलवंडी साबो राजेश स्नेही ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपित लड़के लवप्रीत सिंह लभी, लवप्रीत सिंह की माता कुलवंत कौर, जगजीत सिंह जस्सू निवासी रणजीतगढ़ बांद्रा, मनप्रीत सिंह निवासी हसपुर जिला फतेहाबाद, कृष्ण सिंह निवासी खुंभर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि लवप्रीत सिंह की मौसी कुलविंदर कौर को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी परबत सिंह स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं। बता दें कि लड़की के परिजनों ने चेतावनी दी थी कि जब तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, तब तक वह लड़की का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। जिसके बाद आज पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।