चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तलाश कर रही AAP, अनिल मैदान भाजपा छोड़ आप में शामिल
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए पार्टी ने हर वार्ड से उम्मीदवार तलाश करने शुरू कर दिए हैं। वहीं धनास मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मैदान भाजपा छोड़कर आप में शामिल हो गए हैं।

चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP Chandigarh) ने सभी सीटों के लिए उम्मीदवार तलाश करने शुरू कर दिए हैं। इसलिए आप की ओर से पूरे शहर के ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है जिनका अपने एरिया में नाम है और वह पब्लिक में मशहूर हैं। ऐसे लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है जो समाजसेवी हैं। ऐसे लोगों को आप चुनाव में उम्मीदवार बनाएगी।
इस साल दिसंबर में नगर निगम चुनाव होंगे और आप इस चुनाव को गंभीरता से देख रही है। आप पहली बार नगर निगम चुनाव लड़ने जा रही है। आप के संयाेजक प्रेम गर्ग का कहना है कि पार्टी में शामिल होने के लिए सिर्फ एक शर्त है कि व्यक्ति ईमानदार होना चाहिए। ईमानदारी सबसे बड़ी योग्यता है। नगर निगम के प्रभारी चंद्रमुखी शर्मा भी चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं।
वहीं, धनास की मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मैदान भाजपा छोड़कर आप में शामिल हो गए हैं। अनिल मैदान पिछले लोकसभा चुनाव में पूर्व मेयर पूनम शर्मा के साथ कांग्रेस छोड़कल भाजपा में शामिल हुए थे। अनिल मैदान अगले सप्ताह धनास में एक कार्यक्रम करने जा रहे हैं, जहां वह अपने समर्थकाें को भी आम आदमी पार्टी में शामिल करवाएंगे। अनिल मैदान धनास सीट से नगर निगम चुनाव लड़ना चाहते हैं। अनिल टैंट डीलर्स एसोसिएशन के साथ भी जुड़े हुए हैं। अनिल के आप में शामिल होने से धनास सीट पर कांग्रेस और भाजपा के नेता परेशान हैं। क्योंकि अब इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणा हो गया है। आप की ओर से अनिल मैदान को वार्ड अध्यक्ष बनाए जाने की योजना है। वहीं सेक्टर-19 से वाल्मीकि समाज से जुड़े सुनील धालीवाल ने भी आम आदमी में शामिल होने की घोषणा कर दी है। वह भी अगले दिनों आप में शामिल होंगे। अनिल मैदान का कहना है कि इस बार धनास की सीट आप ही जीतेगी।
चंडीगढ़ भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा यह भी संभावना जताई जा रही है कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव नहीं लड़ेगी। वह एन मौके पर चुनाव न लड़ने की घोषणा करेंगे। नगर निगम चुनाव के बाद अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव भी हैं, ऐसे में आप चंडीगढ़ में होने वाले चुनाव से पलट सकती है। साल 2016 के नगर निगम चुनाव को भी आप ने इसी कारण नहीं लड़ा था। जबकि आप नेताओं का दावा है कि इस बार आप चुनाव जरूर लड़ेगी। आप संयोजक प्रेम गर्ग का कहना है कि पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसलिए ही पार्टी अभी से जुट गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं। इसलिए वह लोगों को गुमराह करने की राजनीति कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।