पंजाब में कुराली होलसेल मार्केट बना पटाखा बम, लाइसेंस केवल 15 और अवैध रूप से दुकानें चल रही 500
दीपावली से पहले कुराली होलसेल मार्केट में अवैध पटाखों का कारोबार बढ़ गया है। लाइसेंस केवल कुछ लोगों के पास हैं, लेकिन दुकानें सैकड़ों में खुल गई हैं। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हो रहा है, जिससे खतरे की आशंका है। प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी दी है, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पंजाब के कुराली से कई राज्यों में सप्लाई होते हैं पटाखे। सज गई दुकानें।
जागरण संवाददाता, मोहाली। दीपावली की चकाचौंध से पहले कुराली होलसेल मार्केट एक टिंडरबाक्स (आग का गोला) बन चुका है। पंजाब का सबसे बड़ा पटाखा थोक बाजार कहे जाने वाले कुराली से हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ में पटाखे सप्लाई होते हैं।यहां केवल 15 लाइसेंस (पांच वर्षीय अवधि के लिए) जारी होने के बावजूद लगभग 500 अवैध दुकानें फल-फूल रही हैं।
प्रशासन ने केवल सात लोगों को पटाखा बिक्री के लिए लाइसेंस दिए गए हैं, जबकि केंद्र सरकार के विभाग ने 15 को अनुमति प्रदान की है, लेकिन यहां सड़क करीब 400 गुना दुकानें सज गई हैं। अब सवाल है कि इतनी दुकानें किसकी शह पर खोली गई हैं। कहीं यह लापरवाही लोगों पर भारी न पड़ जाए।
अनुमानित आठ करोड़ के वार्षिक कारोबार के बीच मोरिंडा रोड, चंडीगढ़ रोड और शहर के मुख्य बाजार में खुलेआम सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी चिंगारी पूरे इलाके को तबाह कर सकती है। स्थानीय दीपक कुमार ने चिंता जताई कि अधिकांश जगहें पटाखा स्टोरेज के लिए अधिकृत नहीं हैं।
प्रशासन या तो अनजान है या जानबूझकर अनदेखा कर रहा है। कुराली-मोरिंडा रोड के घनी आबादी वाले इलाकों में कई घरों, अस्थायी गोदामों और अनधिकृत प्रतिष्ठानों में पटाखे जमा हैं। लोगों ने कहा कि पेट्रोल पंप, बिजली ग्रिड और तंग गलियों के पास लापरवाही से स्टाक किया जा रहा है। बिना अग्निशमन यंत्रों के ये गोदाम किसी भी समय विस्फोट का कारण बन सकते हैं।
डीसी ने दी सख्ती की चेतावनी
मोहाली डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने पुष्टि की कि खरड़ एसडीएम और पुलिस को अवैध बिक्री व स्टोरेज पर छापेमारी के निर्देश जारी हो चुके हैं। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। कुराली फायरक्रैकर डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुंदर लाल मंजू ने स्वीकार किया कि हाल ही में कई बिना लाइसेंस दुकानें उभरी हैं। हम पुलिस और एसडीएम को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के नियमों का उल्लंघन
कुराली बाजार पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जे एंड के और चंडीगढ़ के रिटेलर्स को सप्लाई करता है। पिछले वर्षों में कोविड और प्रतिबंधों से कारोबार प्रभावित हुआ, लेकिन अवैध दुकानों ने समस्या बढ़ा दी। सुप्रीम कोर्ट के ग्रीन पटाखा नियमों का भी यहां उल्लंघन हो रहा है। अग्निशमन विभाग ने चेतावनी दी कि बिना एनओसी के स्टाल लगाना खतरनाक है। निवासी और व्यापारी सतर्कता की मांग कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।