मोहाली में हंगामा, साली के घर आने पर जीजा को आया गुस्सा, पत्नी की कर दी धुनाई
मोहाली के सेक्टर-82 में साली के घर आने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने आरोप लगाया कि पति पहले भी मायके वालों से मिलने पर रोक लगाकर हिंसा करता था और दीवाली पर भी मारपीट की थी। इस बार महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

साली के घर आने पर भड़के पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की।
जागरण संवाददाता, मोहाली। सेक्टर-82 में साली के घर आने पर भड़के पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। इस मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में सामने आया है कि घायल की बाईं आंख के पास घाव है और शरीर पर भी कई गम चोट आई है। वहां घायल के कहने पर डाक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी है।
घायल अनामिका कुमारी निवासी सेक्टर-82 ने आरोप लगाया है कि उसकी छोटी बहन के मिलने आने पर पति ने गुस्से में उसके साथ देर रात मारपीट की। महिला का कहना है कि पति पहले भी मायके वालों से मिलने-जुलने पर रोक लगाकर हिंसा कर चुका है। वहीं मंगलवार को अनामिका कुमारी की छोटी बहन उससे मिलने ससुराल पहुंची थी। इसी बात पर उसका पति नाराज़ हो गया और रात करीब 2:30 बजे उसने अनामिका के साथ मारपीट की। इसके बाद पति ने धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे और मारेगा।
अनामिका ने बताया कि यह घटना नई नहीं है। पति पहले भी मायके जाने और परिवार से मिलने पर रोक लगाता था। विरोध करने पर वह मारपीट करता था। दीवाली के दौरान भी इसी कारण उसने उसके साथ हाथापाई की थी। लेकिन इस बार महिला ने पति के खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।