'सबसे पहले भगवंत मान से निपटा जाएगा', प्रताप बाजवा ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर जमकर बोला हमला
डेरा बाबा नानक में कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली की। प्रताप बाजवा ने आप सरकार पर निशाना साधते हुए बाहरी लोगों की बढ़ती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग की। रंधावा ने गैंगस्टर और नशे के बोलबाले की निंदा की। वड़िंग ने संविधान पर हो रहे हमलों पर चिंता जताई जिसने देश को वोट का अधिकार दिया।
संवाद सहयोगी, डेरा बाबा नानक (गुरदासपुर)। प्रदेश कांग्रेस की ओर से रविवार को डेरा बाबा नानक में संविधान बचाओ रैली की गई। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए विधानसभा में विरोधी गुट के नेता प्रताप बाजवा ने जहां आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा, वहीं पंजाब में बाहर से आने वाले लोगों की बढ़ती जनसंख्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के लिए सही नहीं है।
बाजवा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से श्री करतारपुर साहिब कारिडोर फिर से खोलने की मांग की। इस दौरान प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार आने पर पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ धक्केशाही करने वाले आप नेताओं को जवाब दिया जाएगा।
बाजवा ने कहा कि पंजाब की जवानी विदेशों का रुख कर रही है। गांवों में केवल बुजुर्ग ही दिखाई देते हैं। पंजाब में बाहरी लोगों की बढ़ती संख्या खतरे की घंटी है, इसलिए पंजाबियों को एकजुट होना होगा। आप सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर सबसे पहले सीएम भगवंत मान के साथ निपटा जाएगा।
सांसद रंधावा ने पंजाब में गैंगस्टरों, नशे के बढ़ रहे बोलबाले को लेकर आप सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि हलका डेरा बाबा नानक के उप चुनाव में सरकार, गैंग्सटरों और नशा तस्करों के आपसी गठबंधन की तस्वीर देखने को मिली थी। वड़िंग ने संविधान पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते कहा कि इसी संविधान ने देश के लोगों को वोट डालने का अधिकार दिया है और जीना सिखाया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।