गुरदासपुर में बर्थडे पार्टी में मामूली बहसबाजी में दो युवकों पर चला दी गोलियां, एक की मौत और दूसरा घायल
गुरदासपुर के मुस्तफाबाद गांव में मामूली बहस के बाद कुछ लोगों ने दो युवकों पर फायरिंग कर दी जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घुम्मन कलां पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकी फरार हैं। मृतक अमनप्रीत सिंह अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था जहां बहस हुई थी।

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गांव मुस्तफाबाद में मामूली बहसबाजी के बाद कुछ लोगों ने दो युवकों पर गोलियां चला दीं। इस दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। थाना घुम्मन कलां की पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छह फरार हैं।
गुरमीत सिंह निवासी कोटला सरफ, थाना सदर बटाला ने बताया कि वह अपने भतीजे अमनप्रीत सिंह (25) पुत्र बलदेव सिंह निवासी धीर और उसके दोस्त अंकुश, जैरी, भुल्लर और सूरज पुत्र भीमा निवासी सुनियां के साथ जन्मदिन की पार्टी में शनिवार को बटाला के होटल में गया था। वहां उसके भतीजे और दोस्तों की आरोपितों के साथ बहसबाजी हो गई।
बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई। इसके बाद वे अपनी-अपनी गाड़ियों में प्रदीप सिंह को उसके घर मुस्तफाबाद छोड़ने जा रहे थे। पुल ड्रेन मुस्तफाबाद पहुंचने पर आरोपितों ने गाड़ी रोककर उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
आरोपितों ने अमनप्रीत सिंह और उसके दोस्तों पर करीब पांच फायर किए। गोली लगने से अमनप्रीत की मौत हो गई, जबकि सूरज घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित प्रदीप सिंह, लवप्रीत सिंह निवासी पैड़ूवाल, गगन निवासी गिल, प्रीत निवासी मस्तकोट, हजारा सिंह, जतिंदर सिंह निवासी मुस्तफापुर और जसवंत सिंह निवासी सहारी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपित प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।