पंजाब में भारी बारिश की चेतावनी, श्री मुक्तसर साहिब में मकान की छत गिरी; बुजुर्ग दंपती घायल
उत्तर भारत में अगले सात दिनों तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण एक नया मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है जिससे पंजाब हिमाचल दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका है। हिमाचल में बादल फटने की भी संभावना है।

जागरण टीम, लुधियाना/नई दिल्ली। पंजाब, हिमाचल, दिल्ली, हरियाणा सहित उत्तर भारत के पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों में अगले सात दिन भारी वर्षा का अलर्ट है। अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से नया मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है, जो एक सप्ताह तक भारी बारिश करा सकता है।
हिमाचल सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में बादल भी फट सकते हैं। पंजाब के चार जिलों में रविवार को जमकर वर्षा हुई। फिरोजपुर में 64.6, चंडीगढ़ में 32.8, लुधियाना में 27.8 व नवांशहर में 12.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 28, 29 और 30 जुलाई को कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। हिमाचल में भी भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट है। श्री मुक्तसर साहिब में लाहौरिया बस्ती में रविवार दोपहर एक मकान की छत गिर गई।
इससे अंदर बैठा बुजुर्ग दंपती घायल हो गया। हिमाचल में दो हाईवे सहित 132 सड़कें बंद हैं। राजस्थान के कोटा के पास भी निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो दिल्ली की ओर खिसक रहा है। इससे कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी और कुछ जगह अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।