सावधान! पंजाब में बिगड़ने वाला है मौसम का मिजाज, पूरे दिन छाए रहेंगे बादल; कल से झमाझम होगी बारिश
पंजाब में चार दिनों से आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं लेकिन सोमवार सुबह मौसम साफ हो गया और खिली धूप निकली। जालंधर में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और उसके बाद दिन के समय धूप खिलने का पूर्वानुमान है। 19 और 20 फरवरी को मौसम बिगड़ेगा।

जागरण संवाददाता, जालंधर। चार दिनों से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। सोमवार सुबह भी मौसम ऐसा ही रहा, लेकिन दिन निकलते समय मौसम साफ हो गया और खिली धूप निकली।
सोमवार को जालंधर का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सर्द हवाओं से हो रहा ठंड का अहसास
अगर 24 घंटों के तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग यथावत बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में दो दिनों तक सक्रिय रहेगा पश्चिम विक्षोभ, बारिश-बर्फबारी की संभावना; पढ़ें मौसम का हाल
इस दौरान सुबह और शाम के समय चलने वाली सर्द हवाओं की वजह से ठंडक का भी अहसास होता रहा। यही कारण है कि दिन और रात के समय की सर्दी जरूर महसूस हो रही है।
19 फरवरी को बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग की तरफ से मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और उसके बाद दिन के समय धूप खिलने का पूर्वानुमान बताया है।
वहीं, 19 और 20 फरवरी को मौसम बिगड़ेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ-साथ थंडर शावर, तेज वर्षा होने की संभावनाएं भी बन रही है। जिस वजह से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा सकेगा।
कैसा है हिमाचल में मौसम का मिजाज?
वहीं, हिमाचल के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार व वीरवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। वर्षा व हिमपात होने से सूखे से राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट आ सकती है। सोमवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा जबकि बारालाचा, कुंजुम व अन्य पर दोपहर बाद हल्का हिमपात हुआ।
इसके कारण ठंड थोड़ी बढ़ी है। प्रदेश में जनवरी व फरवरी माह में सामान्य से 78 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है। सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कुकुमसेरी में 2.9 डिग्री सेल्सियस की आई है। ताबो में न्यूनतम तापमान -8.4, केलंग में -7.0, कुकुमसेरी में -6.1 और कल्पा में -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में दो से करीब सात डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि सुंदरनगर में 6.4, शिमला, भुंतर, कांगड़ा, मंडी व बिलासपुर में करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।