जालंधर में अब 6 महीने तक नहीं बन पाएंगी सड़कें, तापमान में गिरावट से जल्द बंद हो जाएंगे हाट मिक्सिंग प्लांट
जालंधर में अब 6 महीने तक सड़कों का निर्माण होना असंभव है। तापमान में गिरावट की वजह से हॉट मिक्सिंग प्लांट कभी भी बंद हो सकते हैं। शहर की कई प्रमुख सड़कें इस समय बहुत खराब हालत में हैं।

जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर में सड़कों का निर्माण अब 6 महीने तक संभव नहीं है। तापमान में लगातार हो रही गिरावट की वजह से और बजरी की सड़कें बनाना संभव नहीं रहेगा क्योंकि तापमान में गिरावट की वजह से हॉट मिक्सिंग प्लांट कभी भी बंद हो सकते हैं।
तापमान 20 डिग्री से कम होते ही प्लांट बंद कर दिए जाते हैं क्योंकि सर्दी में बनाई जाने वाली सड़क की क्वालिटी बहुत खराब रहती है और यह जल्द टूट जाती है। शहर की कई प्रमुख सड़कें इस समय बहुत खराब हालत में हैं, इनमें महावीर मार्ग, ढिलवां रोड, पिम्स अस्पताल, कपूरथला रोड का एक हिस्सा, नकोदर रोड, बस्ती नौ स्पोर्ट्स मार्केट प्रमुख है।
नगर निगम की हद में शामिल किए गए 11 गांव को आपस में जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण भी होना है लेकिन अब यहां पर लोगों को अगले 6 महीने तक गड्ढा युक्त सड़कों पर चलना पड़ेगा। लोकल बाडी डिपार्टमेंट में भी सभी नगर निगम और नगर कौंसिल को यह निर्देश जारी कर दिया है कि सड़कों की रिपेयर का काम जल्द से जल्द किया जाए क्योंकि नई सड़क बनाने पर खर्च भी काफी आएगा।
इन आदेशों से यही स्पष्ट हो रहा है कि सरकार अभी जल्दी नगर निगम और नगर कौंसिल को विकास कार्यों के लिए फंड जारी करने की इच्छुक नहीं है। ऐसे में अगले 6 महीने तक पैच वर्क से ही सड़कें ठीक की जाएंगी। जालंधर नगर निगम के चुनाव भी अगले 3 महीने में संभावित हैं ऐसे में टूटी सड़कें लोगों के बीच बड़ा मुद्दा बन सकती हैं और चुनाव प्रभावित कर सकती हैं।
कुछ सड़कें तो ऐसे ही हैं जो करीब डेढ़ साल पहले सरफेस वाटर प्रोजेक्ट की पाइप लाइन बिछाने के लिए तोड़ी गई थी लेकिन अभी तक निर्माण नहीं हुआ है और अगले 6 महीने तक भी इसकी उम्मीद नहीं है। ऐसे में लोगों के लिए सर्दियों में संभल कर चलना ही एकमात्र रास्ता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।