'उपचुनाव में आप की जीत होगी डॉ. सोहल को सच्ची श्रद्धांजलि', सीएम मान ने रैली में किया जीत का दावा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन उपचुनाव के लिए एक बैठक को संबोधित किया, जो डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण हो रहा है। उन्होंने इसे सच्चाई और विकास का चुनाव बताया, न कि 2027 का सेमीफाइनल। मान ने युवाओं को रोजगार, स्वास्थ्य बीमा और विकास पर AAP सरकार के फोकस पर जोर दिया, जबकि पारंपरिक पार्टियों और राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने हरमीत सिंह संधू के लिए समर्थन मांगा और विश्वास जताया कि AAP जीतेगी।
-1761325743838.webp)
गुरु साहिब का अपमान करने वाली पार्टी को सबक सिखाएंगे- सीएम मान
धर्मबीर सिंह मल्हार, जागरण तरनतारन। विधानसभा हलका तरनतारन के 103 गांवों, शहर के 25 वार्डों के इंचार्जों व पार्टी वालंटियरों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि 2022 में तरनतारन के लोगों ने उत्साह के साथ डा. कश्मीर सिंह सोहल को विधायक बनाया था। अफसोस कि उनके देहांत के कारण उपचुनाव होने जा रहा है। इस चुनाव में डा. सोहल के परिवार ने पार्टी को जो समर्थन दिया, वह डा. सोहल को किसी श्रद्धांजलि के कम नहीं है। 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव को विपक्षी पार्टियां 2027 का सेमीफाइनल बता रहे हैं, परंतु यह कोई खेल नहीं, बल्कि सच्चाई व विकास का चुनाव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, स्कूल, अस्पताल व सड़कें बनाने से पंजाब विकास की पटरी पर नहीं आता। बल्कि यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर चाहिए थे। 75 वर्ष के दौरान रिवायती पार्टियों की सरकारों ने जो जिम्मेदारी नहीं निभाई, वह जिम्मेदारी आप सरकार निभा रही है। मान ने कहा कि धार्मिक बेअदबी से लेकर पंजाब के युवाओं को हिंसा के रास्ते पर चलाया गया। करोड़ों की लग्जरी गाड़ियों में घूमने वाले प्रताप सिंह बाजवा व बिक्रम सिंह मजीठिया पर कटाक्ष करते मान ने कई आरोप लगाए। 10 लाख की बीमा योजना का जिक्र करते कहा कि पूरे देश में पंजाब ऐसा प्रदेश होगा, जहां स्वास्थ्य के मामले में राज्य के परिवारों को बड़ी राहत होगी। 11 नवंबर के दिन को ऐतिहासिक करार देते कहा कि गुरु साहिब का अपमान करने वाली पार्टी को सबक सिखाया जाएगा। 26 नवंबर को तरनतारन में दोबारा आकर मैं रोड शो करूंगा।
कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी को भला मानस करार देते हुए मान ने कहा कि कांग्रेस के नेता उन्हें गली-गली लेकर जा रहे हैं। दोनों हाथ कुर्ते की जेब में डालकर वह इधर-उधर नहीं देखते, बल्कि सीधे चलते किसी से आंख नहीं मिलाते। जब नतीजा आता है तो कांग्रेस चौथे, पांचवें नंबर पर होती है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, हरभजन सिंह ईटीओ, डा. रवजोत सिंह, विधायक सरवन सिंह धुन, चेयरमैन गुरदेव सिंह लाखना, रंजीत सिंह चीमा, गुरविंदर सिंह बहिड़वाल, रजिंदर सिंह उसमां, बलजीत सिंह खैहरा, प्रो. हरप्रीत सिंह कोट, गुरसेवक सिंह औलख, हरप्रीत सिंह धुन्ना, भुपिंदर सिंह खेड़ा, सरबजीत सिंह लाली, सरबजीत सिंह भुल्लर, सरबरिंदर सिंह भरोवाल, गगनदीप कौर, सुरिंदर सिंह मल्ही, रंजीत सिंह राणा, नवरूप सिंह संधावालिया, पुनीत चड्ढा, राजेश वालिया, यादविंदर सिंह यादू, दलेर सिंह पन्नू, सरपंच मोनू चीमा उपस्थित थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री दरबार साहिब तरनतारन में नतमस्तक हुए। उनके साथ पंजाब मामलों के इंचार्ज मनीष सिसोदिया, पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू भी थे। श्री दरबार साहिब तरनतारन में उन्होंने श्री रुमाला साहिब व कड़ाह प्रसाद की देग चढ़ाते सरबत के भले की अरदास की। पांच मिनट तक गुरु घर बैठकर कीर्तन सुना। एसजीपीसी की ओर से उन्हें बकायदा सम्मानित किया गया। इस मौके पर एक महिला श्रद्धालु ने भगवंत मान को गले लगाकर नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम की सराहना की।
तीन बार चुनाव जीत चुके हरमीत सिंह संधू को उपचुनाव में जिताना बहुत जरूरी है। अगर विपक्षी पार्टी का कोई प्रत्याशी जीता तो वह बतौर विधायक विकास की बात करने के बजाय आप सरकार को गालियां देगा। मनीष सिसोदिया, इंचार्ज, पंजाब मामले उपचुनाव में लालच व फूट डालने वाली पार्टियों से बचकर हरमीत सिंह संधू को चुनाव जिताना बेहद जरूरी है, क्योंकि वह विकास के मामले में सियासत के लौह-पुरुष साबित हुए हैं। अमन अरोड़ा, प्रदेश अध्यक्ष, आप स्व. विधायक डा. सोहल के परिवार का आभारी रहूंगा। 25 हजार से अधिक लीड से चुनाव जीतूंगा, क्योंकि मुख्यमंत्री मान ने विकास के मामले में पूरे हलके को ग्रांटों से मालामाल किया है। हरमीत सिंह संधू, प्रत्याशी, आप बीमार अवस्था में मुझे सोहल साहब ने कहा था कि अगर हालात उपचुनाव के बने तो टिकट का दावा बिल्कुल मत करना। वरना पार्टी समझेगी कि सोहल परिवार सत्ता का लालची है। नवजोत कौर, पत्नी स्व डा. सोहल

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।