आगरा वासियों के लिए खुशखबरी: नवंबर से यमुना पर बनेगा आनंदी भैरों-गिजौली पुल, पांच मिनट में पहुंचेंगे खंदौली
आगरा में दयालबाग से खंदौली के बीच यमुना नदी पर आनंदी भैरों-गिजौली पुल का निर्माण नवंबर से शुरू होगा। 111 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से दयालबाग से खंदौली की दूरी 5 मिनट में तय की जा सकेगी, जबकि अभी 30 मिनट से अधिक लगते हैं। इस पुल से 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा और क्षेत्र का विकास होगा।

पुल बनने से दयालबाग से खंदौली पहुंचना होगा आसान
जागरण संवाददाता, आगरा। दयालबाग से खंदौली पहुंचना आसान होने जा रहा है। नवंबर से यमुना नदी पर आनंदी भैरों-गिजौली पुल का निर्माण शुरू होगा। यह पुल बनने से पांच मिनट में दयालबाग से खंदौली पहुंच सकेंगे। अभी 18 किमी की दूरी को तय करने में 30 मिनट से अधिक का समय लगता है।
जाम लगने पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सेतु निगम लि. 111 करोड़ रुपये से पुल बनाएगा। डिजाइन में बदलाव के बाद प्रारंभिक अनुमति मिल गई है। बजट का भी रास्ता साफ हो गया है। यह पुल बनने से 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा।
लंबे समय से आनंदी भैरों दयालबाग-गिजौली खंदौली के मध्य पुल के निर्माण की मांग चल रही है। पिछले साल सेतु निगम लि. ने इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन में भेजा। मगर, सुप्रीम कोर्ट की केंद्रीय अधिकारिता समिति ने पेड़ों के कटान की अनुमति नहीं दी। इसके चलते सेतु निगम की टीम ने प्रस्ताव में बदलाव किया।
यमुना के डाउन स्ट्रीम में 400 मीटर बनाया जा रहा है। इससे एक भी पेड़ को काटने की जरूरत नहीं पड़ रही है। पुल का निर्माण सीवेंज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर, दयालबाग से शुरू होगा। छह माह पूर्व सेतु निगम ने पुल का प्रस्ताव शासन को भेजा था। डिजाइन में बदलाव की अनुमति मिल गई है।
हाल ही में उच्च अधिकारियों की लखनऊ में बैठक हुई। इसमें पुल के निर्माण को नवंबर से शुरू करने पर जोर दिया गया। जल्द ही पुल के निर्माण की पहली किस्त मिलने जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुल के दोनों ओर साढ़े-साढ़े तीन मीटर का फुटपाथ भी बनाया जाएगा। इससे पैदल और दो पहिया वाहन सवार आसानी से गुजर सकेंगे। पुल दो लेन का होगा। पुल के लिए डेरा बंजारा गिजौली में 1.23 हेक्टेयर भूमि की खरीद का कार्य अंतिम चरण में है।
----
600 मीटर लंबा होगा पुल
यमुना नदी पर पुल 600 मीटर लंबा होगा। पुल के दोनों ओर 200-200 मीटर की अप्रोच रोड बनाई जाएगी। आनंदी भैरों तक पहुंचने के लिए 800 मीटर रोड का निर्माण अलग से होगा।
इन्हें होगा फायदा
नगला बूढ़ी, दयालबाग, खंदारी और उसके आसपास के क्षेत्र। खंदौली ब्लाक के गिजौली, धिगरौली, नगला भवानी, पर्वतपुर, भूड़ नगरिया, सौराई, पैंतखेड़ा, मादौर प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा खंदौली जाने वाले वाहन चालकों को टेढ़ी बगिया जाने की जरूरत नहीं होगी। वाहन चालक सीधे पुल से होकर गुजर सकेंगे। वहीं उत्तरी बाइपास का भी विकल्प मिलने जा रहा है।
नवंबर से यमुना नदी पर 111 करोड़ रुपये से पुल का निर्माण शुरू होगा। पुल बनने से 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा। खंदौली पहुंचने में पांच मिनट का समय लगेगा।
आरबी दिवाकर, उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम लि.

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।