Air Quality Index: यूपी के इस शहर में दिवाली पर हवा हुई खराब! फूल रहा शहरवासियों का दम
आगरा में धूल कणों और प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) बहुत खराब स्तर पर पहुंच गया है। स्मार्ट सिटी के सेंसर के अनुसार हाथी घाट, कलाकृति जैसे स्थानों पर हवा की गुणवत्ता बेहद चिंताजनक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शहर का औसतन एक्यूआइ 169 दर्ज किया गया, जो कि शुक्रवार से अधिक है।

प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में हवा में घुली हुई धूल कणों व अति सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़े होने से शहरवासियों का दम फूल रहा है। खुली हवा में बाहर निकलने पर सांस के साथ धूल कण शरीर में पहुंच रहे हैं, इससे लोग खांसते-खांसते परेशान हो रहे हैं।
आगरा स्मार्ट सिटी के सेंसर के अनुसार शनिवार को हाथी घाट, कलाकृति, आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन और बाग फरजाना में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बहुत खराब स्थिति में रहा।
हवा में धूल कण व अति सूक्ष्म कण बढ़े होने से फूल रहा दम
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा शहर में लगे छह ऑटोमेटिक मानीटरिंग स्टेशनों पर एकत्र आंकड़ों के आधार पर प्रतिदिन शाम को वायु गुणवत्ता सूचकांक जारी किया जाता है। शनिवार को एक्यूआई मध्यम स्थिति में 169 रहा, जो शुक्रवार के एक्यूआई 144 से अधिक था।
नगर निगम परिसर स्थित संजय प्लेस स्टेशन पर खराब रही हवा
संजय प्लेस में वायु गुणवत्ता खराब, सेक्टर तीन-बी आवास विकास कॉलोनी, शास्त्रीुपरम, रोहता व शाहजहां गार्डन में मध्यम और मनोहरपुर में संतोषजनक स्थिति में रही। स्ंजय प्लेस व सेक्टर तीन-बी में हवा में घुले अति सूक्ष्म कण और अन्य स्टेशनाें पर धूल कण अधिक रहे। सेक्टर तीन-बी में तो दोपहर में अति सूक्ष्म कणों की अधिकतम मात्रा 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक पहुंच गई।
दो दिन में एक्यूआई
- शुक्रवार, 144
- शनिवार, 169
स्मार्ट सिटी के सेंसर पर स्थिति
- हाथी घाट, 322
- कलाकृति, 306
- आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन, 305
- बाग फरजाना, 303
- बीपी आयल मिल, 294
- शहीद नगर, 276
- एसबीआइ जोनल आफिस, 274
- नामनेर चौराहा, 267
- तहसील तिराहा, 253
- छीपीटोला चौराहा, 236
- अर्जुन नगर तिराहा, 217
- ईदगाह चौराहा, 212
बीपी आयल मिल, शहीद नगर, एसबीआई जोनल ऑफिस, नामनेर चौराहा, तहसील तिराहा, छीपीटोला चौराहा, अर्जुन नगर तिराहा, और ईदगाह चौराहा पर एक्यूआइ खराब स्थिति में रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।