Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गले में पाइप बांधा और फंदे पर लटका दिया.. आगरा में कुत्ते को क्रूरता से मार डाला, नहीं लिखा मुकदमा

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 08:18 AM (IST)

    आगरा में एक कुत्ते को पेड़ से लटकाकर मारने की घटना से पशु प्रेमियों में गुस्सा है। एक महिला ने कुत्ते को खाना खिलाया करती थी। कुत्ते को कॉलोनी में पेड़ से लटका पाया गया। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पुलिस ने नगर निगम को सूचना दी पर कोई नहीं आया। महिला ने कुत्ते का अंतिम संस्कार किया।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। कॉलोनी में रहने वाले कुत्ते से शनिवार रात को क्रूरता का मामला सामने आया है। गले में पाइप का फंदा कसकर उसे पेड़ से लटकाकर मार दिया गया। कॉलोनी वालों ने उसे लटका देखा तो आक्रोशित हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची तब उसे नीचे उतारा गया। कुत्ते को प्रतिदिन रोटी खिलाने वाली महिला ने सिकंदरा थाने में तहरीर दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मगर, इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इतना ही नही पुलिस द्वारा नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में महिला ने कुत्ते का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना से पशु प्रेमियों में आक्रोश है।

    स्थानीय लोगों ने यूपी 112 पर काल कर बुलाई पुलिस, फोटो और वीडियो प्रसारित

    सिकंदरा क्षेत्र में आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 11 में रहने वाली मनोरमा मसीह के घर के आसपास एक देसी कुत्ता घूमता रहता था। वह प्रतिदिन उसे रोटी खिलाती थीं। शनिवार रात एक बजे उन्हें आसपास के लोगों ने फोन कर सूचना दी कि जिस कुत्ते को वह खाना खिलाती थीं, वह एंथेला अपार्टमेंट के पास एक पेड़ पर लटका हुआ है।

    वह रात में ही वहां पहुंचीं, तब तक लोगों ने पाइप काटकर कुत्ते को पेड़ से नीचे उतार लिया था। पाइप का फंदा उसके गले में कसा हुआ था। उसकी आंखें और जीभ बाहर निकल रही थी। स्थानीय लोगों ने तब तक पुलिस भी बुला ली थी। यूपी 112 के पुलिसकर्मियों ने कुत्ते का वीडियो बना लिया और मनोरमा से थाने में सूचना देने को कह दिया।

    सिकंदरा थाने में तहरीर के बाद नहीं हुआ मुकदमा दर्ज, नहीं कराया पोस्टमार्टम

    मामले की जानकारी होने पर कैस्पर होम की संचालिका पशु प्रेमी विनीता अरोड़ा ने अपनी प्रतिनिधि शिल्पी, सुनीत चौहान, अंजली व अन्य को मौके पर भेजा। रविवार शाम पांच बजे मनोरमा ने सिकंदरा थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कुत्ते को क्रूरता से मारने और मृत्यु का सही कारण पता करने को तहरीर दी गई। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम के अधिकारियों को काल कर पोस्टमार्टम कराने को कहा। मगर, नगर निगम से कोई नहीं पहुंचा।

    विनीता अरोड़ा ने बताया कि नगर निगम और पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में मनोरमा व अन्य लोगों ने कुत्ते का अंतिम संस्कार कर दिया। अब कुत्ते की मृत्यु की वजह नहीं पता चल पाएगी। इस प्रकरण में वह कल अन्य पशु प्रेमियों के साथ एसीपी हरीपर्वत से शिकायत करेंगी।

    इंस्पेक्टर नीरज शर्मा का कहना है कि शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। नगर निगम की टीम को भी सूचना दी गई थी। आसपास के सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। लोगों द्वारा अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी नहीं है।

    comedy show banner