इंडिगो फ्लाइट में चोरी: इंजीनियर का लैपटॉप गायब! बेंगलुरु से आगरा आ रही थी युवती
बेंगलुरु से आगरा आ रही इंडिगो की फ्लाइट में इंजीनियर आकांक्षा गोयल का लैपटॉप वाला बैग चोरी हो गया। आकांक्षा ने बताया कि बैग में कंपनी का महत्वपूर्ण डेटा था। शाहगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर इंडिगो और एयरपोर्ट अधिकारियों से संपर्क किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि अक्सर यात्री सामान भूल जाते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। बेंगलुरु से आगरा आ रही इंडिगो की फ्लाइट से मंगलवार को इंजीनियर का बैग चोरी हो गया। बैग में कंपनी से दिया गया लैपटॉप रखा था। युवती ने शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने इंडिगो के अधिकारियों के साथ ही एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ को घटना के संबंध में जानकारी दी है।
प्लेन में सीट के ऊपर ओवरहेड केबिन में रखा था बैग
बेलनगंज में रहने वालीं आकांक्षा गोयल बेंगलुरु की एक आइटी कंपनी में इंजीनियर हैं। 28 अक्टूबर को वह बेंगलुरु से आगरा आने के लिए इंडिगो की प्लाइट में सुबह 11.15 बजे बैठीं। इंजीनियर के अनुसार उड़ान भरने से पहले उन्होंने काले रंग का अपना बैग अपनी सीट के ऊपर ओवरहेड केबिन में रख लिया। बैग में कंपनी की ओर से दिया गया लैपटॉप रखा था। दोपहर 1.50 बजे आगरा पहुंचने पर फ्लाइट से उतरते समय केबिन में रखा बैग गायब था। उन्होंने बैग सहित लैपटॉप चोरी होने की जानकारी फ्लाइट में सवार एयरलाइन के कर्मचारियों को दी।
शिकायत पर शाहगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जांच के बाद भी बैग का पता नहीं चला। पीड़िता का कहना है कि बैग के साथ चोरी हुआ लैपटाप कंपनी की ओर दिया गया था, जिसमें कंपनी का अहम डाटा है। गुुरुवार रात में आकांक्षा ने शाहगंज थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया। शाहगंज पुलिस ने इंडिगो व एयरपोर्ट के अधिकारियों के साथ ही सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ को सूचना दी है। इंस्पेक्टर शाहगंज बिरेश पाल गिरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसकी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वीडियो उपलब्ध कराने की कही बात
इंजीनियर आकांक्षा गोयल का कहना है कि उन्होंने चोरी की घटना के बाद इंडिगो के अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आगमन के समय ली गई वीडियो रिकॉर्डिंग में सभी यात्री दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मांगने पर इस वीडियो को उपलब्ध करा दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर यात्रियों की डिटेल भी उपलब्ध करा दी जाएगी।
होगी जांच, सामान मिलने पर होती है वापसी
खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक विवेक शर्मा का कहना है कि फ्लाइट में कई बार यात्री दूसरे का सामान लेकर चले जाते हैं। कुछ यात्री सामान भूल जाते हैं। शुक्रवार को एक यात्री सामान भूल गया था। जिसका सामान वापस किया गया। यात्री आकांक्षा गोयल के बैग की जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जा रहा है। शनिवार को इसकी रिपोर्ट दी जाएगी। उधर, इंडिगो कंपनी के प्रतिनिधि का कहना है कि सामान की जांच कराई जा रही है।
1350 यात्रियों का हुआ आवागमन
28 अक्टूबर को खेरिया एयरपोर्ट में 1350 यात्रियों का आवागमन हुआ। वर्तमान में चार शहरों बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद की फ्लाइट संचालित हैं। बेंगलुरु और अहमदाबाद की फ्लाइट 95 से 97 प्रतिशत तक फुल रहती है। इंडिगो कंपनी द्वारा 180 सीटर विमान का प्रयोग किया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।