आगरा में दिवाली पर वाहन शोरूम में कैसे लगी थी आग? तीन दिन बाद हुआ खुलासा
दीपावली पर एक वाहन शोरूम के स्टोर में आग लग गई। जांच में पता चला कि आतिशबाजी की चिंगारी जाली से अंदर चली गई, जिससे आग लगी। इस घटना से शोरूम को नुकसान हुआ और सुरक्षा में चूक उजागर हुई।

जागरण संवाददाता, आगरा। वाहन शोरूम के स्टोर में लगी जाली से आतिशबाजी की चिंगारी अंदर पहुंची थी। चिंगारी के स्टोर में रखे सीट कवर आदि के संपर्क में आने से आग भड़क गई। फायर ब्रिगेड की जांच में शोरूम में फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं मिला। न ही फायर विभाग से एनओसी ली गई थी। हेरिटेज हास्पिटल में गुरुवार को स्थिति सामान्य रही। हास्पिटल में फायर सेफ्टी सिस्टम के साथ ही एनओसी भी मिली।
भगवान टाकीज फ्लाईओवर से खंदारी की तरफ सर्विस पर कांग्रेस नेता रहे हरिकिशन पिप्पल का हेरिटेज हास्पिटल और पीपुल्स होंडा का शोरूम है। दोनों भवन सटे हुए हैं। बुधवार रात नौ बजे होंडा शोरूम के तीसरी मंजिल स्थित स्टोर रूम में अचानक आग लग गई थी। हास्पिटल में धुआं भरने से मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई थी।
दमकलकर्मियों की टीम ने आइसीयू में भर्ती मरीजों को निकालकर नीचे वार्ड में शिफ्ट कराया था। गुरुवार को अस्पताल में स्थिति सामान्य रही।
गुरुवार को एफएसओ सोमदत्त सोनकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पाया गया है कि शोरूम के स्टोर में लगी जाली से आतिशबाजी की चिंगारी अंदर पहुंची और फोम के शीट कवर के संपर्क में आने से आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद स्टोर में रखे आटो पार्टस भी आग की चपेट में आ गए।
उन्होंने बताया कि वाहन शोरूम के पास फायर विभाग की एनओसी नहीं है, न ही फायर सेफ्टी सिस्टम लगा था। उन्हें फायर सेफ्टी सिस्टम जल्द लगाकर एनओसी लेने के निर्देश दिए गए हैं। हेरिटेज हास्पिटल के पास एनओसी भी थी, साथ ही फायर सेफ्टी सिस्टम भी लगा मिला। शोरूम संचालक राजेश पिप्पल का कहना है कि शोरूम में फायर सेफ्टी सिस्टम लगा है। एनओसी लेने के प्रयास चल रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।